रायगढ़

रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ : होली से पहले अवैध शराब माफियाओं पर सर्जिकल स्ट्राइक, 11 तस्कर गिरफ्तार!…

रायगढ़। होली के त्यौहार में अवैध शराब का ‘जहर’ घोलने की कोशिश कर रहे तस्करों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने जंग छेड़ दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ ने महज 48 घंटों के भीतर जिले के अवैध शराब गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर सीधे सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।

48 घंटे, 11 केस और 204 लीटर शराब जब्त : ​एसएसपी के सख्त तेवरों का असर जमीन पर दिखने लगा है। खरसिया, घरघोड़ा, लैलूंगा, भूपदेवपुर और धरमजयगढ़ क्षेत्रों में पुलिस की विशेष टीमों ने एक साथ दबिश दी। इस ‘महा-अभियान’ में पुलिस ने 204 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग ₹29,050 आंकी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के सिंडिकेट में दहशत का माहौल है।

कहां-कहां हुई पुलिस की बड़ी कार्रवाई? – ​पुलिस ने रणनीतिक तरीके से घेराबंदी कर इन तस्करों को दबोचा:

  • घरघोड़ा : यहां सबसे बड़ी सफलता मिली। आरोपी जागेश्वर डनसेना और मनमोहन डनसेना से क्रमशः 52 और 51 लीटर शराब बरामद कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। 75 वर्षीय वृद्ध आरोपी लब्दू राठिया भी पुलिस के शिकंजे से नहीं बच सका।
  • खरसिया : देहजरी क्षेत्र में दबिश देकर शंकर नारायण, धनीदास और अमित कुमार एक्का को कच्ची शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
  • धरमजयगढ़ : पतरापारा में महिला आरोपी कविता सिंह के कब्जे से 25 लीटर शराब जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
  • लैलूंगा व भूपदेवपुर : यहां भी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मनुराम मांझी, मनोज तिग्गा और सालिक राम सहित अन्य को अवैध परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया।

“होली के पर्व पर खलल डालने वालों की खैर नहीं। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर सीधे जेल की हवा खानी होगी। रायगढ़ पुलिस की पैनी नजर हर संदिग्ध गतिविधि पर है।” – श्री शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़

आबकारी एक्ट के तहत ‘कठोर कार्रवाई’ : पकड़े गए सभी 11 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान होली तक लगातार जारी रहेगा। रायगढ़ पुलिस की इस सक्रियता ने यह संदेश दे दिया है कि कानून तोड़ने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!