सावधान! ‘मददगार’ अजनबी निकला शातिर चोर : गांधीनगर पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा…

अंबिकापुर। अगर आप सफर के दौरान किसी अजनबी पर भरोसा कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए एक चेतावनी है। सरगुजा पुलिस की सक्रियता से एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया गया है, जिसने प्रतीक्षालय में बैठी एक महिला का भरोसा जीतकर उसका लैपटॉप और कीमती सामान पार कर दिया था।
घटना : भरोसे का फायदा और फिर चंपत – मामला 25 फरवरी का है, जब एक प्रार्थिया ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रायपुर से अंबिकापुर की ट्रेन यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई। अंबिकापुर स्टेशन पहुँचने पर वे प्रतीक्षालय में साथ बैठे थे। जब महिला अपना बैग युवक के भरोसे छोड़कर वॉशरूम गई, तो वापस आने पर न वह युवक मिला और न ही लैपटॉप वाला बैग।
पुलिस की ‘सुपरफास्ट’ कार्रवाई – मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी शुरू की।
- त्वरित एक्शन: रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर ही संदेह के आधार पर आरोपी को धर दबोचा गया।
- बरामदगी: आरोपी के पास से चोरी किया गया Zebronics कंपनी का लैपटॉप, चश्मा और कपड़े बरामद कर लिए गए हैं।
कौन है आरोपी? – पकड़ा गया आरोपी शुभम महावर (34 वर्ष), मूल रूप से गुना (मध्य प्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में दुर्ग में रह रहा था। पूछताछ में सामने आया कि यह कोई पहली बार नहीं है; आरोपी पहले भी इस तरह की चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है।
गिरफ्तार आरोपी : शुभम महावर, पिता पुरुषोत्तम महावर।
धाराएं : बी.एन.एस. की धारा 331(2) और 305 (ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध।
इन धुरंधरों ने दिखाया दम : इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी के साथ सहा. उप निरीक्षक अभिषेक दुबे और आरक्षक उमेश गुप्ता की मुख्य भूमिका रही। पुलिस की इस मुस्तैदी की शहर में सराहना हो रही है।
पुलिस की अपील : सफर के दौरान किसी भी अज्ञात व्यक्ति पर जरूरत से ज्यादा भरोसा न करें और अपने कीमती सामान की सुरक्षा स्वयं करें।




