ऑपरेशन शंखनाद : जशपुर पुलिस का गौ-तस्करों पर कड़ा प्रहार, 02 मुख्य सरगना गिरफ्तार…

जशपुर। पुलिस ने ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत गौ-तस्करी के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज कर दिया है। पुलिस ने महीनों से फरार चल रहे दो मुख्य गौ-तस्करों, मो. नवाब खान और मो. मुस्तकीम खान को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। ये दोनों आरोपी उस खेप के असली मालिक थे, जिसे पुलिस ने हाल ही में डूमरटोली के जंगलों से बरामद किया था।
जंगल के रास्ते झारखंड भेजने की थी तैयारी – बीती 6 जनवरी को सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डूमरटोली जंगल के रास्ते क्रूरतापूर्वक गौ-वंशों को पैदल झारखंड ले जाया जा रहा है। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने 10 नग गौ-वंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया था। उस समय अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने उनके सहयोगियों अजीत राम और राजेश्वर राम को पहले ही दबोच लिया था। कड़ाई से पूछताछ में खुलासा हुआ कि तस्करी का यह पूरा खेल नवाब खान और मुस्तकीम खान के इशारे पर चल रहा था।
सायबर सेल की मदद से बिछाया जाल – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। सायबर सेल और मुखबिरों की सटीक जानकारी पर पुलिस ने दबिश देकर नवाब खान (आजाद मोहल्ला) और मुस्तकीम खान (मधुवनटोली) को दबोच लिया। आरोपियों ने कबूल किया है कि वे अपने ‘हॉकर्स’ के जरिए अवैध रूप से मवेशियों को सरहद पार कराते थे।
ऑपरेशन शंखनाद : अब तक का रिपोर्ट कार्ड – जशपुर पुलिस जिले में गौ-तस्करी की कमर तोड़ने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। अब तक के आंकड़े इसकी गवाही देते हैं:
- कुल प्रकरण : 145
- गिरफ्तार तस्कर : 241
- मुक्त कराए गए गौ-वंश : 1406+
- जप्त वाहन : 70 (24 वाहन राजसात)
“किसी भी सूरत में नहीं बख्शे जाएंगे अपराधी” – ऑपरेशन शंखनाद के तहत हम तस्करी के नेटवर्क को जड़ से मिटाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी इसी कड़ी का हिस्सा है। आम नागरिक अपने आसपास हो रही किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर
पुलिस टीम की सराहना : इस सफल कार्रवाई में सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर, आरक्षक उपेन्द्र सिंह, राजकेश्वर सिंह और नगर सैनिक रवि डनसेना की मुख्य भूमिका रही।




