जशपुर

जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन तेलंगाना’: नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, सलाखों के पीछे पहुँचा…

जशपुर। पुलिस ने महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। चौकी करडेगा क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर तेलंगाना भगा ले जाने वाले आरोपी रामदयाल लोहार (20 वर्ष) को पुलिस ने सैकड़ों किलोमीटर दूर तेलंगाना से ढूंढ निकाला है। पुलिस ने न केवल पीड़िता को सुरक्षित रेस्क्यू किया, बल्कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।

छात्रावास से शुरू हुई थी बातचीत, शादी के जाल में फंसाया – ​मामले का खुलासा तब हुआ जब 6 अक्टूबर 2025 को एक पिता ने अपनी 16 वर्षीय बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया गया कि छात्रा पहले एक छात्रावास में रहकर पढ़ती थी, जहाँ मोबाइल के जरिए उसकी बातचीत आरोपी रामदयाल से शुरू हुई। इस बात की भनक लगने पर उसे हॉस्टल से निकाल दिया गया था। 5 अक्टूबर को आरोपी ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी का प्रलोभन देकर घर से भगा ले गया।

टेक्निकल टीम और मुखबिरों का बिछाया जाल – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। सायबर सेल और टेक्निकल टीम की मदद से आरोपी की लोकेशन तेलंगाना के जिला मेदक, थाना शिवम् पेट के एक गाँव में मिली। जशपुर पुलिस की टीम ने तत्काल तेलंगाना दबिश दी और आरोपी के कब्जे से नाबालिग को बरामद कर उसे हिरासत में लिया।

दुष्कर्म की धाराएं जुड़ी, आरोपी पहुँचा जेल – ​पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दैहिक शोषण (दुष्कर्म) किया था। इस बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 137(2), 64(M), 86, 96 और पॉक्सो एक्ट की धारा 06 के तहत गंभीर अपराध पंजीबद्ध किया है। मेडिकल परीक्षण के बाद बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

“जशपुर पुलिस बच्चों और महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। हमारी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दूसरे राज्य से बच्ची को सुरक्षित वापस लाया है। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर

पुलिस टीम की सराहना : इस सफल कार्यवाही में चौकी प्रभारी करडेगा उप निरीक्षक भागवत नायकर, सायबर सेल से नसीरुद्दीन अंसारी, आरक्षक अमित टोप्पो और महिला आरक्षक राजकुमारी की अहम भूमिका रही।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!