रायगढ़

बेटे की हैवानियत : 7 लाख के लिए बूढ़ी मां को चाकू लेकर दौड़ाया, थाने तक पीछा किया; अब सलाखों के पीछे…

रायगढ़। शहर के गुजरातीपारा इलाके में एक कलयुगी बेटे की रूह कंपा देने वाली करतूत सामने आई है। नशे की लत और पैसों की हवस में अंधे हुए एक युवक ने न केवल अपनी 77 वर्षीय बुजुर्ग मां के साथ मारपीट की, बल्कि उन्हें जान से मारने के लिए हाथ में धारदार चाकू लेकर सड़क पर दौड़ पड़ा। हद तो तब हो गई जब आरोपी अपनी मां और भाई का पीछा करते हुए कोतवाली थाने की दहलीज तक जा पहुंचा। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया है।

विवाद की जड़ : सात लाख रुपये की मांग – पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुजरातीपारा निवासी सिद्धार्थ मेश्राम उर्फ गोलू (28 वर्ष) लंबे समय से शराब का आदी है और घर में अक्सर विवाद करता रहता है। आज दोपहर आरोपी ने अपनी मां श्रीमती कौशिल्या मेश्राम से घर से बाहर जाने के नाम पर 7 लाख रुपये की मांग की। जब मां ने इतनी बड़ी रकम देने से इनकार किया, तो सिद्धार्थ आपे से बाहर हो गया।

दहशत का मंजर : थाने तक पहुंचा पीछा करते – आरोपी ने अपनी बुजुर्ग मां को धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया और स्टील का धारदार चाकू लेकर उन्हें मारने के लिए दौड़ा। जब बड़े भाई उज्याल मेश्राम ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे भी अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। जान बचाने के लिए परिजन भागते हुए कोतवाली थाने पहुंचे, लेकिन बेखौफ आरोपी हाथ में चाकू लहराते हुए उनके पीछे-पीछे थाने तक पहुंच गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई -​थाने के बाहर युवक को चाकू लहराते देख हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के निर्देशन में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा और स्टाफ ने घेराबंदी कर आरोपी सिद्धार्थ को तत्काल हिरासत में लिया।

पुलिस की कार्रवाई के मुख्य बिंदु :

  • पंजीबद्ध धाराएं : BNS की धारा 119(1), 296, 351(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27।
  • बरामदगी : आरोपी के कब्जे से हमले में प्रयुक्त धारदार स्टील का चाकू जब्त।
  • परिणाम : आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

“अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। पारिवारिक हिंसा और अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।” – कोतवाली पुलिस

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!