छत्तीसगढ़ में पुलिस विभाग में बड़ी सर्जरी : कांकेर SP इंदिरा कल्याण हटाए गए, निखिल रखेचा संभालेंगे कमान…

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने पुलिस महकमे में एक अहम फेरबदल करते हुए दो जिलों के पुलिस कप्तानों (SP) का तबादला कर दिया है। शासन द्वारा जारी ताजा आदेश में सबसे बड़ा नाम कांकेर SP इंदिरा कल्याण एलेसेला का है, जिन्हें जिले से हटाकर अब नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विवादों की गाज या प्रशासनिक बदलाव? –
चर्चा है कि कांकेर में पिछले कुछ समय से धर्मांतरण को लेकर उपजे विवाद और कानून-व्यवस्था की स्थितियों को देखते हुए शासन ने यह सख्त कदम उठाया है। इंदिरा कल्याण एलेसेला (2011 बैच) को अब कांकेर से हटाकर पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG), छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF), उत्तरी रेंज सरगुजा के पद पर पदस्थ किया गया है।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी : गृह विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार तीन आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव हुआ है:

गरियाबंद और कांकेर को मिले नए कप्तान :
- निखिल अशोक कुमार रखेचा (2019 बैच), जो अब तक गरियाबंद में अपनी सेवाएं दे रहे थे, उन्हें अब संवेदनशील जिले कांकेर की कमान सौंपी गई है। उनके सामने बस्तर के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले इस जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती होगी।
- वहीं, पर्यटन मंडल में प्रतिनियुक्ति पर रहे वेदव्रत सिरमौर की मुख्यधारा की पुलिसिंग में वापसी हुई है। उन्हें गरियाबंद का नया पुलिस कप्तान बनाया गया है।
राज्य सरकार के इस कदम को प्रशासनिक कसावट और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।




