ब्रेकिंग : प्रमोशन की ‘मलाई’ खाई, पर कुर्सी नहीं संभाली! अब नपेंगे ‘भगोड़े’ प्राचार्य, DPI ने निकाला सख्त फरमान…

रायपुर, 17 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग में पदोन्नति (Promotion) का तोहफा लेने के बाद विभाग को ठेंगा दिखाने वाले प्राचार्यों की अब खैर नहीं है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने ऐसे ‘लापता’ प्राचार्यों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की तैयारी कर ली है। डीपीआई ने आज एक बेहद कड़ा पत्र जारी कर प्रदेश के सभी संयुक्त संचालकों (JD) को 72 घंटे (3 दिन) का अल्टीमेटम दिया है।

अगस्त से आदेश जारी, पर साहब अभी तक नदारद! – डीपीआई के पत्र ने शिक्षा विभाग की पोल खोलकर रख दी है। मामला बेहद गंभीर है :
- टी (T) संवर्ग की मनमानी : 29 अगस्त 2025 को काउंसलिंग के जरिए पोस्टिंग मिली। नियमतः 10 दिन में ज्वाइन करना था, लेकिन दिसंबर आ गया और कई प्राचार्य अब तक पुराने ढर्रे पर ही चल रहे हैं।
- ई (E) संवर्ग की लापरवाही : 27 नवंबर 2025 को आदेश मिला। एक हफ्ते की मोहलत थी, लेकिन वो मियाद भी बीत चुकी है और ज्वाइनिंग का अता-पता नहीं है।
JDs को अल्टीमेटम : 3 दिन में चाहिए ‘कुंडली’ – डीपीआई ने साफ लफ्जों में कहा है कि ई और टी संवर्ग के ऐसे दागी प्राचार्यों की सूची 3 दिन के भीतर (निर्धारित प्रपत्र में) मुख्यालय भेजी जाए। पत्र की भाषा बता रही है कि विभाग अब किसी भी बहाने को सुनने के मूड में नहीं है।
साफ है संदेश : प्रमोशन लेकर घर बैठने वालों या अपनी मनचाही जगह से न हिलने वालों पर बड़ी गाज गिरनी तय है। चर्चा है कि ज्वाइनिंग न करने वालों का प्रमोशन आदेश निरस्त (Cancel) करने की कार्रवाई भी शुरू हो सकती है।
“विभाग का स्पष्ट कहना है- आदेश का पालन करें, वरना परिणाम भुगतने को तैयार रहें।”




