रायगढ़

महिला सम्बन्धी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई – घरघोड़ा पुलिस ने छेड़खानी करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल…

रायगढ़, 8 नवम्बर। महिला के साथ अशोभनीय हरकत और छेड़खानी के मामले में घरघोड़ा पुलिस ने एक बार फिर अपनी त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से कानून का भरोसा मजबूत किया है। थाना क्षेत्र के ग्राम चारमार में महिला से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी शंकर राम गुप्ता उर्फ लल्लू (पिता स्व. मुनकुराम गुप्ता, उम्र 40 वर्ष) को पुलिस ने कुछ ही घंटों में पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, 7 नवम्बर 2025 की सुबह लगभग 10:30 बजे पीड़ित महिला अपने पति के साथ पड़ोसी के घर गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद आरोपी शंकर राम गुप्ता ने महिला के प्रति अशोभनीय बातें कहकर छेड़खानी की। आरोपी की हरकत पर मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई और उसे वहां से भगा दिया।

पीड़िता ने तत्काल घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना देर किए कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए की गई इस त्वरित कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल, आरक्षक दिनेश सिदार, प्रदीप तिग्गा और दीप रोशन एक्का की भूमिका सराहनीय रही।

घरघोड़ा पुलिस की इस तत्परता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!