गुण्डरदेही में अवैध सट्टा लिखते एक आरोपी गिरफ्तार, नगद सहित सट्टा-पट्टी जब्त

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद/गुण्डरदेही। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में थाना गुण्डरदेही पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से सट्टा-पट्टी लिखकर हार-जीत का दांव लगवा रहे एक आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकद राशि और सट्टा-पट्टी से जुड़ी सामग्रियां जब्त कर ली हैं।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना और एसडीओपी गुण्डरदेही श्रीमती श्रुति सिंह के मार्गदर्शन में जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 2 नवंबर 2026 को थाना गुण्डरदेही पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम ओटेबंद के पास पुलिया के समीप एक व्यक्ति अवैध सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान झम्मन लाल साहू (पिता गणेश राम साहू, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम सिरसिदा, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 02 नग सट्टा-पट्टी पर्ची, 01 नग लाइनदार कागज, 01 नग नीला डॉट पेन और सट्टे में दांव पर लगे ₹1,000/- नगद बरामद किए गए। आरोपी के विरुद्ध थाना गुण्डरदेही में अपराध क्रमांक 377/2026 और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे 2 नवंबर 2026 की रात्रि को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरी सफल और सराहनीय कार्रवाई के पीछे थाना प्रभारी गुण्डरदेही, निरीक्षक रवि शंकर पाण्डेय की कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता की विशेष भूमिका रही। निरीक्षक रवि शंकर पाण्डेय ने अपनी मुस्तैदी और दूरदर्शिता का परिचय देते हुए जिस प्रकार टीम का मार्गदर्शन किया, वह वाकई प्रशंसनीय है। उनकी अगुवाई में थाना क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने में लगातार सफलता मिल रही है। इस ऑपरेशन को सफल बनाने में एएसआई अरविंद साहू, आरक्षक पंकज तारम और यशवंत देशमुख का भी अहम योगदान रहा।
बालोद पुलिस ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे जुआ और सट्टा जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें तथा इस तरह के अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ बालोद पुलिस का यह सख्त अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। समाज को अपराध मुक्त बनाने के लिए पुलिस की यह कार्रवाई मील का पत्थर साबित हो रही है।




