रायगढ़ के कापू में जमीन और रास्ते के विवाद में खूनी संघर्ष: चाकू, डंडे और लोहे की छड़ से हमला, 10 नामजद आरोपियों पर FIR दर्ज…

रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम समनिया में जमीन और रास्ते के 2 साल पुराने विवाद को लेकर खूनी संघर्ष की खबर सामने आई है। सुबह करीब 7:30 बजे हुए इस जानलेवा हमले में एक ही परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।
हमले की पूरी घटना – प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, पीड़ित सहदेव सक्सेना (22 वर्ष) अपने परिवार के साथ घर के परछी आंगन में उपस्थित था, तभी पड़ोस में रहने वाले परदेशी बघेल के परिवार के 10 लोग लामबंद होकर हथियारों के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया।
घायलों की स्थिति और हमले का विवरण –
- बसंत सक्सेना: सिर, दाएं-बाएं हाथ की कोहनी, दाएं पैर के माडी और हथेली पर चाकू, डंडे और सकप राड (लोहे की छड़) से गंभीर चोटें आई हैं।
- इतवारिन बाई: सिर, हाथ-कलाई पर डंडे और लोहे की छड़ से प्रहार किया गया, जिससे वे लहूलुहान हो गईं।
- सहदेव सक्सेना (शिकायतकर्ता): हाथ, बांह, सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।
10 आरोपियों पर मामला दर्ज – पुलिस ने शिकायतकर्ता सहदेव सक्सेना के बयान पर 10 आरोपियों—बिनोद बघेल, राकेश बघेल, रोशन बघेल, मालिक राम बघेल, राजेश बघेल, पद्मा बघेल, करिश्मा बघेल, मीना बघेल, अंशु माला बघेल और सरिता बघेल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस कार्रवाई : कापू थाना में बीएनएस (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 296, 115(2), 351(3), 118(1) और 126(2) के तहत अपराध क्रमांक 0129/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हेड कांस्टेबल देव लाल राठिया द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है।




