धरमजयगढ़ में गरीबों के निवाले पर ₹31.75 लाख का महा-घोटाला : फिंगरप्रिंट लगवाकर डकार गए 1,200 क्विंटल सरकारी राशन, अस्पताल में छिपे मुख्य सरगना शाहनवाज को पुलिस ने दबोचा…

रायगढ़। गरीबों की थाली से उनका हक छीनने वाले राशन माफियाओं के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने एक बड़ा और निर्णायक प्रहार किया है। धरमजयगढ़ विकासखंड की दो सरकारी उचित मूल्य दुकानों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत आए 1,204 क्विंटल से अधिक चावल, शक्कर और नमक के सुनियोजित गबन का सनसनीखेज पर्दाफाश हुआ है। कार्रवाई की भनक लगते ही बीमारी का ढोंग रचकर अस्पताल में छिपने की फिराक में लगे मुख्य आरोपी शाहनवाज उर्फ मौसम खान (49 वर्ष) को पुलिस ने नाटकीय ढंग से धर दबोचा और सलाखों के पीछे भेज दिया।
अंगूठा लगवाया और डकार गए राशन : ऐसे रची गई लूट की पटकथा – खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त जांच में जो सच सामने आया, उसने पूरे प्रशासनिक तंत्र को हिलाकर रख दिया है। राशन माफियाओं ने गरीबों को लूटने का बेहद शातिराना तरीका अपनाया:
- मशीन में अंगूठा लगवाया, बोरी तक नहीं दी : अगस्त माह में हितग्राहियों को राशन देने के नाम पर बुलाया गया और ई-पॉस (e-PoS) मशीनों पर उनके फिंगरप्रिंट दर्ज करवा लिए गए। इसके बाद उन्हें खाली हाथ लौटा दिया गया और पूरा राशन खुले बाजार में खपा दिया गया।
- ससकोबा में ₹12.89 लाख का चूना (दुकान क्र. 412009078) : खाद्य विभाग की औचक जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक पूरी तरह गायब मिला। इस मामले में सरोज स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया और सचिव माधुरी बाई राठिया को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि विक्रेता बिहारी राठिया अभी भी फरार है।
- गनपतपुर में ₹18.86 लाख की डकैती (दुकान क्र. 412009080) : जननी महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित इस दुकान से 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक सीधे गबन कर लिया गया। यहां का मुख्य कर्ताधर्ता विक्रेता शाहनवाज खान था।
अस्पताल से गांव तक बिछाया जाल, सटीक दबिश में धराया मास्टरमाइंड – गनपतपुर मामले में चौकी रैरूमाखुर्द (थाना धरमजयगढ़) में आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC Act) की धारा 3 और 7 के तहत अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज होते ही मुख्य आरोपी शाहनवाज उर्फ मौसम खान भूमिगत हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने बीमारी का बहाना बनाया और सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में भर्ती हो गया।
चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव की टीम लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। जैसे ही पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि शाहनवाज अस्पताल से निकलकर अपने पैतृक गांव पीपरमार पहुंचा है, पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए चारों तरफ से घेराबंदी कर दी और उसे दबोच लिया। आरोपी को तत्काल न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
फरार आरोपियों में खलबली, पुलिस का स्पष्ट संदेश – ‘बख्शा नहीं जाएगा कोई’ – कुल ₹31,75,720 के इस संगठित राशन घोटाले में अब तक तीन प्रमुख गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों—ससकोबा दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान व सचिव शाहिन खान—की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। रायगढ़ पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले भर के राशन माफियाओं में भारी हड़कंप मचा हुआ है।




