रायगढ़ में ‘ऑपरेशन प्रहार’ का बड़ा धमाका: 17.55 लाख के अवैध कबाड़ समेत 14 चक्का ट्रक ज़ब्त, राजस्थान का ड्राइवर गिरफ्तार…

रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के तेवरों से रायगढ़ जिले में अवैध कारोबारियों की रातें हराम हो चुकी हैं। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने ओडिशा से आ रहे एक विशालकाय 14 चक्का ट्रक को नाकेबंदी कर दबोच लिया। ट्रक के भीतर भारी मात्रा में भरा 24 टन अवैध लोहे का स्क्रैप बरामद किया गया है। जप्त किए गए कबाड़ और ट्रक की कुल कीमत ₹17.55 लाख आंकी गई है।
नाकेबंदी में फंसा राजस्थान का ड्राइवर – थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि रायगढ़ मार्ग से स्क्रैप का बड़ा जखीरा पूंजीपथरा के एक प्लांट में खपाने के लिए लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही गेरवानी मुख्य मार्ग पर पुलिस टीम ने तगड़ी नाकेबंदी की। संदिग्ध 14 चक्का ट्रक (क्रमांक RJ05GB2229) को रोककर जब तलाशी ली गई, तो उसके अंदर बेहिसाब टिन और लोहे के स्क्रैप टुकड़े लदे मिले।
चालक नेमीचंद मीणा (46 वर्ष), निवासी कोटा (राजस्थान), कबाड़ के परिवहन से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज़ या बिल पेश नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने उगला कि यह माल ओडिशा से लोड कर पूंजीपथरा के एक स्थानीय प्लांट में ठिकाने लगाने लाया जा रहा था।
बरामदगी और वैधानिक कार्रवाई
- जब्त स्क्रैप: 24 टन (कीमत ₹7,55,000)
- जब्त वाहन: 14 चक्का ट्रक (कीमत ₹10,00,000)
- कुल जब्ती: ₹17,55,000
- आरोपी: नेमीचंद मीणा (निवासी कोटा, राजस्थान)
- दर्ज धाराएं: धारा 35(क)(ड) BNSS एवं 303(2) BNS
कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक राज कुमार पैकरा, आरक्षक नरेन्द्र पैंकरा, सुरेन्द्र यादव और विनय तिवारी की भूमिका सराहनीय रही।
कड़ा संदेश: “अवैध कबाड़ का कारोबार करने वालों और उनके मददगारों पर पुलिस का शिकंजा ऐसे ही कसता रहेगा। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के साथ-साथ परिवहन में लगे वाहनों को भी सीधे सीज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़




