पत्थलगांव खबर का असर : CMHO का सख्त एक्शन, अवैध मेडिकल स्टोर, क्लीनिक व पैथोलॉजी की जांच के आदेश…

जशपुर। जिले के बेलडेगी (लुड़ेग मार्ग) स्थित “माँ भगवती मेडिकल स्टोर” में कथित रूप से मेडिकल लाइसेंस की आड़ में संचालित अवैध क्लीनिक, मरीजों को सलाइन चढ़ाने, पैथोलॉजी जांच तथा बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन में अनियमितताओं की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) जशपुर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
CMHO कार्यालय से जारी पत्र में क्या कहा गया? 4 अगस्त 2026 को जारी आधिकारिक पत्र में खंड चिकित्सा अधिकारी, पत्थलगांव को निर्देशित किया गया है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की सक्षम अधिकारियों की टीम गठित कर मौके पर विस्तृत जांच की जाए। यदि जांच में बिना अनुमति क्लीनिक संचालन, अवैध उपचार, पैथोलॉजी गतिविधियां अथवा बायो-मेडिकल वेस्ट नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित अधिनियमों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही तीन दिनों के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन CMHO कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर, अतिरिक्त औषधि नियंत्रक, पुलिस, औषधि निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है, जिससे स्पष्ट है कि मामला अब बहु-विभागीय जांच के दायरे में आ गया है।
शिकायत में लगाए गए प्रमुख आरोप
शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि मेडिकल स्टोर की आड़ में –
बिना मान्यता के क्लीनिकल वार्ड संचालित किया जा रहा था।
मरीजों को सलाइन व इंजेक्शन लगाए जा रहे थे।बिना अधिकृत पैथोलॉजी व्यवस्था के सैंपल लेकर जांच की जा रही थी।
बायो-मेडिकल वेस्ट के निस्तारण में गंभीर लापरवाही बरती जा रही थी।
अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर – इस कार्रवाई के बाद अब निगाहें स्वास्थ्य विभाग की जांच पर टिकी हैं। यदि जांच में शिकायतों की पुष्टि होती है तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट्स से जुड़े प्रावधानों तथा अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई हो सकती है। वहीं यदि आरोप सही नहीं पाए जाते हैं, तो जांच रिपोर्ट उसी आधार पर निष्कर्ष प्रस्तुत करेगी।
फिलहाल यह स्पष्ट है कि शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आधिकारिक जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगामी कार्रवाई जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।
पूर्व में प्रकाशित खबर




