महाठगी का पर्दाफाश : 1.10 करोड़ की धोखाधड़ी का ‘मास्टरमाइंड’ कृष्ण कुमार साहू गिरफ्तार!…

रायगढ़। वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली की आड़ में करोड़ों रुपयों का जाल बिछाने वाले शातिर ठग का रायगढ़ पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। तमनार पुलिस की मुस्तैदी से 1 करोड़ 10 लाख रुपये से भी अधिक की महाठगी के खेल का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने मामले के मुख्य सूत्रधार कृष्ण कुमार साहू को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
44 लाख की शिकायत से खुला ‘काली कमाई’ का साम्राज्य : ठगी का यह बड़ा मामला तब सामने आया जब पीड़ित सद्दाम हुसैन और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने तमनार थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरोपी कृष्ण कुमार साहू (निवासी: पणिगांव) ने दोनों को वाहन कारोबार और फिर जमीन बेचने का झांसा देकर 44.40 लाख रुपये (नगद व बैंक ट्रांसफर) ऐंठ लिए। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने जिस जमीन (खसरा नंबर 428/4) का सौदा पीड़ितों से किया, उसी की रजिस्ट्री चुपके से किसी अन्य महिला के नाम कर दी।
गाड़ियों और पीड़ितों का तांता, स्कॉर्पियो व बोलेरो जब्त : जांच आगे बढ़ी तो पुलिस भी हैरान रह गई। पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी समेत 10 से 15 अन्य लोग भी इस ठग का शिकार बने पाए गए। ठगी की कुल रकम 1.10 करोड़ रुपये के पार पहुँच चुकी है और पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव की अगुवाई में पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा। आरोपी के मेमोरेंडम पर ठगी की रकम से खरीदी गई 20 लाख रुपये मूल्य की 1 स्कॉर्पियो और 1 बोलेरो गाड़ी जब्त कर ली गई है।
पुलिस का कड़ा रुख : BNS की धाराओं में मामला दर्ज –तमनार पुलिस ने अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, अवैध संपत्तियों और अन्य नेटवर्क की सघन जांच कर रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह की कड़ी चेतावनी : “ठगी करने वालों को कानून के साथ-साथ अपनी काली कमाई का भी पाई-पाई हिसाब देना होगा। धोखाधड़ी से बनाई गई हर अवैध संपत्ति पर पुलिस की पैनी नजर है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”
पुलिस टीम की सराहना : इस बहुचर्चित खुलासे में तमनार थाना प्रभारी प्रशांत राव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगल यादव, सहायक उप निरीक्षक सुरति लाल सिदार और पूरे स्टाफ की सतर्क विवेचना की अहम भूमिका रही।




