अमित शाह के दौरे के बीच ‘सुशासन’ का चीरहरण : राजधानी में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष से सरेआम लूट!…

रायपुर। एक तरफ देश के गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के हाई-प्रोफाइल दौरे पर हैं, तो दूसरी तरफ राजधानी रायपुर के सबसे पॉश और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में सत्ताधारी दल के वीवीआईपी नेता ही सरेआम लुट रहे हैं। सोमवार सुबह सरेआम पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक के हाथों से बाइक सवार लुटेरे मोबाइल झपटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात ने राज्य की कानून-व्यवस्था के खोखले दावों की पोल खोलकर रख दी है और विपक्ष को सरकार पर सीधा प्रहार करने का एक बड़ा हथियार दे दिया है।
“आप 112 को हरी झंडी दिखाते रहिए, चोर 9-2-11 हो गए” – इस सनसनीखेज घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर अब तक का सबसे तीखा और मारक प्रहार किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा ‘डायल 112’ के 400 वाहनों को हरी झंडी दिखाने की तस्वीर साझा करते हुए बघेल ने सरकार के सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ा दीं।
भूपेश बघेल का तंज : “आप ‘डायल 112’ को हरी झंडी दिखाते रहिए, उधर धरमलाल कौशिक का मोबाइल छिनकर चोर ‘9-2-11’ हो गए हैं। छत्तीसगढ़वासी अब अपनी सुरक्षा स्वयं करें।”
गृहमंत्री पर सीधा वार : “रीलबाजी और स्वागतबाजी में व्यस्त हैं” – भूपेश बघेल का हमला यहीं नहीं रुका। उन्होंने राज्य के गृहमंत्री को सीधे निशाने पर लेते हुए उन्हें प्रदेश का सबसे ‘निकम्मा गृहमंत्री’ करार दिया और इस घटना को भाजपा के ‘सुशासन’ पर एक जोरदार तमाचा बताया।
पूर्व सीएम के प्रहार की मुख्य बातें :
- सुशासन पर करारा तमाचा : जब देश के गृहमंत्री खुद राज्य में मौजूद हों, तब ‘मॉर्निंग वॉक’ पर निकले कद्दावर सत्ताधारी नेता के साथ लूट होना, इस कथित ‘सुशासन’ पर सीधा तमाचा है।
- विज्ञापनजीवी सरकार : बघेल ने तंज कसा कि इस ‘विज्ञापनजीवी सरकार’ को अब समझ जाना चाहिए कि ‘सुशासन तिहार’ की मीठी चाशनी लपेटने से अपराध की कड़वी सच्चाई नहीं छुप सकती। प्रदेश में चाकूबाजी, हत्या और लूटपाट बेलगाम हो चुकी है।
- रीलबाज गृहमंत्री : उन्होंने गृहमंत्री पर सीधा आरोप लगाया कि वे केवल रील बनाने और अतिथियों के स्वागत में व्यस्त हैं, जबकि प्रदेश की जनता भगवान भरोसे है।
सरेआम पुलिस को चुनौती – यह दुस्साहसिक वारदात सोमवार सुबह करीब 8 बजे की है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक जब शंकर नगर के भारत माता चौक के पास टहलने निकले थे, तभी बेखौफ बाइक सवार लुटेरे आए और झपट्टा मारकर उनका मोबाइल लूट ले गए।
वीवीआईपी इलाके (सिविल लाइन थाना क्षेत्र) की सुरक्षा में सेंध लगने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अब लकीर पीटते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश का दावा कर रही है। लेकिन इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर एक ऐसा प्रश्नचिह्न लगा दिया है, जिसका जवाब देना अब सरकार के लिए भारी पड़ने वाला है।




