राजहरा पुलिस की लगातार कार्यवाही : सट्टा पट्टी लिखते आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, ₹2000 नगद व सट्टा पर्ची बरामद

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। अवैध गतिविधियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजहरा पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वार्ड क्रमांक 10 स्थित आंगनबाड़ी के पास से सट्टा पट्टी लिखते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से सट्टा पर्ची और नगदी रकम जब्त कर उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालोद पुलिस अधीक्षक किरण चौहान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के दिशा-निर्देशों पर तथा सीएसपी राजहरा विकास पाटले के मार्गदर्शन में क्षेत्र में अवैध जुआ, सट्टा और शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 20 अगस्त 2026 को राजहरा पुलिस की टीम टाउन पेट्रोलिंग और अपराध पतासाजी पर निकली थी।

इसी दौरान वार्ड नंबर 10 स्थित आंगनबाड़ी के सामने एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टा पट्टी लिखते पाया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी नवीन जैन (45 वर्ष), पिता स्व. गौतम चंद जैन, निवासी वार्ड क्रमांक 15, मनोहर ऑफिस के पास, राजहरा को मौके पर ही धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से सट्टा पट्टी पर्ची तथा 2,000 रुपये नगद बरामद हुए। पुलिस ने सामग्री जब्त कर आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की है।
राजहरा थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील तिर्की ने आम जनता से अपील की है कि वे जुआ, सट्टा, अवैध शराब, गांजा या किसी भी प्रकार की नशीली गोलियों, दवाओं के कारोबार जैसी असामाजिक गतिविधियों से दूर रहें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ऐसे अवैध कार्यों में लिप्त पाए जाने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जेल की हवा खानी पड़ सकती है।
थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में कहीं भी अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हों, तो उसकी सूचना तुरंत राजहरा पुलिस को दें। इसके लिए पुलिस थाना के मोबाइल नंबर 𝟵𝟰𝟳𝟵𝟭𝟵𝟮𝟬𝟱𝟴 पर जानकारी दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।




