नौकरी का झांसा देकर महिला और नाबालिग से दरिंदगी की कोशिश : ‘विजय’ बनकर आया दरिंदा चढ़ा पुलिस के हत्थे…

रायगढ़। नौकरी दिलाने के नाम पर महिलाओं की मजबूरी का फायदा उठाने वाले एक शातिर अपराधी को घरघोड़ा पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। खुद को ‘विजय’ बताकर महिला और उसकी 15 वर्षीय ननद को जाल में फंसाने वाले आरोपी सुरेन्द्र बेहरा को पुलिस ने उसकी कार सहित गिरफ्तार कर लिया है।
फर्जी पहचान और खौफनाक साजिश – घटना की शुरुआत 16 अप्रैल को हुई, जब आरोपी ने खुद को “विजय” बताकर एक महिला को फोन किया और रायगढ़ की कंपनियों में नौकरी दिलाने का लालच दिया। 22 अप्रैल की रात, जब महिला अपनी नाबालिग ननद के साथ काम के सिलसिले में मिलने पहुंची, तो आरोपी उन्हें अपनी ग्रे रंग की मारुति ब्रेजा (JH-17-Q-2761) में बैठाकर एक सुनसान इलाके में ले गया।
सुनसान सड़क पर दी जान से मारने की धमकी – आरोपी ने कार के भीतर पहले महिला के साथ अश्लील हरकतें कीं। जब महिला ने विरोध किया, तो उसने पीछे बैठी 15 वर्षीय नाबालिग के साथ भी जबरदस्ती करने का प्रयास किया। पीड़िताओं के कड़े विरोध और शोर मचाने पर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया।
पुलिस की ‘सुपरफास्ट’ कार्रवाई – एसएसपी शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देशों पर हरकत में आई घरघोड़ा पुलिस ने मोबाइल नंबर के तकनीकी विश्लेषण (Cyber Tracking) के जरिए आरोपी का असली चेहरा बेनकाब कर दिया।
- आरोपी का असली नाम : सुरेन्द्र बेहरा (34 वर्ष)
- निवासी : ग्राम रायकेरा, थाना घरघोड़ा
- पेशा : लेबर ठेकेदारी
पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल ब्रेजा कार और मोटोरोला मोबाइल जब्त कर लिया है। शिनाख्त परेड में पीड़िताओं ने आरोपी को तुरंत पहचान लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इन धाराओं में फंसा आरोपी – पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(2), 76, 351(3), पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और एट्रोसिटी एक्ट के तहत गंभीर मामले दर्ज किए हैं।
SSP का कड़ा संदेश : “चालाकी नहीं चलेगी” – एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा –
“महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है। आरोपी ने फर्जी नाम रखकर बचने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता से बच नहीं पाया। महिलाएं किसी भी अनजान व्यक्ति के प्रलोभन में न आएं और तत्काल पुलिस को सूचित करें।”
कार्यवाही टीम : निरीक्षक कुमार गौरव साहू, महिला विवेचक दीपिका निर्मलकर, आरक्षक हरीश पटेल, उधोराम पटेल एवं अन्य।




