रायगढ़ पुलिस की बड़ी उपलब्धि : 25 लाख के 128 गुम मोबाइल बरामद, चेहरों पर लौटी मुस्कान…

रायगढ़। खोए हुए मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके 128 लोगों के लिए आज का दिन खुशियों भरा रहा। रायगढ़ पुलिस ने साइबर सेल की मदद से देश के विभिन्न राज्यों और जिलों से 25 लाख 60 हजार रुपये कीमत के मोबाइल रिकवर कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने खुद बांटे मोबाइल : पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपनी टीम के साथ मोबाइल स्वामियों को उनके फोन वितरित किए। इस दौरान एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी और साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर भी मौजूद रहे। अपना पसंदीदा और कीमती फोन वापस पाकर कई लोग भावुक हो गए और पुलिस टीम के साथ सेल्फी लेकर अपनी खुशी जाहिर की।
बिहार से लेकर कोलकाता तक फैला था सर्च ऑपरेशन – साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक और उनकी टीम ने तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए इन मोबाइलों को ट्रेस किया। ये मोबाइल न केवल छत्तीसगढ़ के पड़ोसी जिलों (कोरबा, जांजगीर) बल्कि बिहार और कोलकाता जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में भी एक्टिव पाए गए थे। रिकवर किए गए फोन में Apple, OnePlus, Samsung, Vivo और Oppo जैसे महंगे ब्रांड्स शामिल हैं।
‘CEIR’ पोर्टल बना गेम चेंजर : साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर ने बताया कि मोबाइल रिकवरी में भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की भूमिका बेहद अहम रही।
- जैसे ही कोई नागरिक इस पोर्टल पर शिकायत दर्ज करता है, फोन का IMEI ब्लॉक हो जाता है।
- इसके बाद मोबाइल में कोई भी नई सिम डलते ही पुलिस को अलर्ट मिल जाता है।
- पुलिस ने अपील की है कि मोबाइल गुम होते ही तुरंत इस पोर्टल पर रिपोर्ट करें।
एसएसपी की कड़ी चेतावनी : “किसी दूसरे का गिरा हुआ या गुम मोबाइल इस्तेमाल करना कानूनी अपराध है। यदि आपको कहीं मोबाइल मिलता है, तो उसे तुरंत थाने में जमा करें। पुलिस की तकनीकी टीम हर एक्टिव हैंडसेट को ट्रैक कर रही है, पकड़े जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
इन जांबाजों की रही मुख्य भूमिका : इस सफल ऑपरेशन में साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक के साथ एएसआई नंदकुमार सारथी, ज्योत्सना शर्मा, प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, दुर्गेश सिंह, और पूरी साइबर टीम का विशेष योगदान रहा। एसएसपी ने पूरी टीम की पीठ थपथपाते हुए उनके कार्य की सराहना की।




