जशपुर

कलयुगी बेटे का खूनी तांडव: काम न करने के उलाहने पर पिता को उतारा मौत के घाट!…

जशपुर। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक रूह कंपा देने वाली घटना जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र से सामने आई है। यहाँ एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

विवाद, आवेश और फिर हत्या : ​घटना ग्राम हल्दी झरिया (बढ़ई पारा) की है। जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल की शाम करीब 4:30 बजे मृतक सदानंद नाग (45 वर्ष) और उसके बड़े बेटे विजय कुमार नाग (26 वर्ष) के बीच घरेलू बात को लेकर तीखी बहस शुरू हुई। पिता का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपने बेटे को काम न करने के लिए टोक दिया था।

​बात इतनी बढ़ी कि पिता ने गुस्से में गुलेल से मिट्टी की गोली चलाकर बेटे को डराने की कोशिश की, जिससे बौखलाए आरोपी विजय ने पास ही पड़ी लकड़ी की फाड़ी उठाकर अपने पिता के सिर और माथे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चोट इतनी घातक थी कि सदानंद नाग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई : मामले की गंभीरता को देखते हुए DIG एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देशन में बागबहार थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

  • बरामदगी : पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी की फाड़ी को जब्त कर लिया है।
  • शार्ट पीएम रिपोर्ट : डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि सिर पर आई गंभीर चोट ही मौत का मुख्य कारण थी।
  • धाराएं : आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी अब जेल की सलाखों में : ​मृतक की दूसरी पत्नी (आरोपी की सौतेली माँ) की रिपोर्ट पर पुलिस ने घेराबंदी कर विजय नाग को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना गुनाह कुबूल कर लिया है। शनिवार, 18 अप्रैल को पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

“घरेलू विवाद में आवेश में आकर की गई यह हत्या समाज के लिए एक चिंता का विषय है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर ली है।” – डॉ. लाल उमेद सिंह, DIG एवं SSP, जशपुर

टीम की भूमिका : इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, ASI नारायण साहू, प्रधान आरक्षक मनधनी पैंकरा, आरक्षक पवन पैंकरा और अजय खेस का विशेष योगदान रहा।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!