जशपुर

जशपुर : पुलिस का तस्करों के साम्राज्य पर चला खाकी का हंटर, 2 महीने में ₹2 करोड़ की जब्ती और 79 गिरफ्तारियां…

जशपुर। जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस ने निर्णायक जंग छेड़ दी है। पिछले दो महीनों के भीतर ‘ऑपरेशन शंखनाद’ और ‘ऑपरेशन आघात’ के जरिए पुलिस ने तस्करी के सिंडिकेट को जड़ से हिला दिया है। पुलिस द्वारा जारी किए गए ताजा रिपोर्ट कार्ड के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक करीब ₹2.07 करोड़ मूल्य की अवैध सामग्री और वाहन जप्त किए गए हैं, जबकि तस्करी के विभिन्न मामलों में कुल 79 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है।

गौ-तस्करी पर ‘शंखनाद’ : 361 मवेशी मुक्त और 18 गाड़ियां जप्त – पशु क्रूरता और अवैध गौ-परिवहन को रोकने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत पुलिस को अभूतपूर्व सफलता मिली है। पिछले 60 दिनों में जशपुर पुलिस ने 361 गौ-वंश को कत्लखाने जाने से बचाकर सुरक्षित गौशालाओं में पहुंचाया है, जिनकी अनुमानित कीमत ₹24.55 लाख आंकी गई है। इस कार्रवाई की सबसे बड़ी चोट तस्करों के लॉजिस्टिक्स पर पड़ी है, जिसमें पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त 18 वाहन (कीमत ₹75 लाख) जप्त किए हैं। हाल ही में लोदाम और सिटी कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर 19 नग गौवंश मुक्त कराए और बिहार के सारन निवासी संदीप राय व अमर शाह जैसे शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। इस अभियान के तहत अब तक कुल 20 गौ-तस्कर जेल की हवा खा रहे हैं।

नशे के सिंडिकेट पर ‘आघात’ : ₹96 लाख का गांजा और ब्राउन शुगर बरामद – ​जिले को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ शुरू हुए ‘ऑपरेशन आघात’ ने नशे के सौदागरों के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। पुलिस ने पिछले दो महीनों में 344.355 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब ₹96.42 लाख है। नशे के इस काले कारोबार में न केवल गांजा, बल्कि 640 नग नशीली कफ सिरप और 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर भी जप्त की गई है। हालिया कार्रवाई में विवेकानंद कॉलोनी के एक ठिकाने से 12.42 लाख के गांजे के साथ सुनील भगत और रवि विश्वकर्मा को दबोचा गया। नशे के परिवहन में इस्तेमाल होने वाली 4 कारें और 1 मोटरसाइकिल जप्त करते हुए कुल 13 बड़े आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

आबकारी और कानून व्यवस्था : 46 प्रकरणों में कड़ा एक्शन – संगठित अपराधों के साथ-साथ पुलिस ने अवैध शराब की पैकारी पर भी पैनी नजर रखी है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी एक्ट के तहत 46 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 46 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इनके कब्जे से 91.680 लीटर अवैध शराब बरामद कर वैधानिक कार्रवाई की गई। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वाले और अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे नशे और तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि जशपुर को पूरी तरह अपराध मुक्त बनाया जा सके।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!