जशपुर पुलिस का कड़ा प्रहार : नाबालिग से दरिंदगी करने वाले 9 आरोपी दबोचे गए, SSP के निर्देश पर चंद घंटों में हुई बड़ी कार्रवाई…

जशपुर। पुलिस ने महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म और छेड़छाड़ के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर सभी 9 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।

रूह कंपा देने वाली वारदात : जंगल में घेरा, फिर किया दुष्कर्म – घटना 17 फरवरी की शाम की है, जब पीड़िता अपनी 35 वर्षीय रिश्तेदार के साथ मेहमानी से लौट रही थी। रास्ते में आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और छेड़छाड़ शुरू कर दी। डर के मारे रिश्तेदार भागकर घर पहुँची और परिजनों को जानकारी दी। जब परिजन मौके पर पहुँचे, तो आरोपी फरार हो चुके थे। दो दिन बाद पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि मुख्य आरोपी ने उसे जबरन पटक कर उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि अन्य आरोपी पहरा दे रहे थे।
धमकाने और रफा-दफा करने की कोशिश हुई नाकाम : हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद आरोपियों ने गांव वालों के साथ मिलकर मामले को दबाने की कोशिश की। प्रार्थी को पैसे का लालच दिया गया और पुलिस के पास न जाने की धमकी दी गई। लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने आरोपियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
SSP डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में ‘स्पेशल-4’ टीमों का एक्शन : मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए DIG एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने तत्काल चार विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस की इन टीमों ने सघन तलाशी अभियान चलाकर मुख्य आरोपी नीरज लकड़ा सहित सभी 9 संदिग्धों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
- नीरज लकड़ा (23 वर्ष) – मुख्य आरोपी
- समीर मिंज (28 वर्ष)
- तेलेस्फोर मिंज (40 वर्ष)
- आनंद मिंज (38 वर्ष)
- रितेश कुमार टोप्पो (29 वर्ष)
- सुनीत तिर्की (30 वर्ष)
- अविनाश तिर्की (25 वर्ष)
- सत्या मिंज (24 वर्ष)
- एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक
सख्त धाराओं में केस दर्ज : पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137, 87, 96, 64, 65(1), 70(1), 70(2), 127(2), 351(2) और POCSO एक्ट की धारा 5 व 6 के तहत मामला दर्ज किया है। बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, वहीं नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा जाएगा।
“महिला और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे जघन्य कृत्य में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। हमने त्वरित कार्रवाई कर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।”
डॉ. लाल उमेद सिंह, DIG एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर




