रायगढ़ पुलिस का ‘हंटर’: हफ्ते भर में देह व्यापार पर तीसरी बड़ी स्ट्राइक, एसएसपी का अल्टीमेटम – “सुधर जाओ वरना खैर नहीं!…”

रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के तेवर इन दिनों अपराधियों पर कहर बनकर टूट रहे हैं। शहर में देह व्यापार के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत पुलिस ने एक हफ्ते के भीतर तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर के बोईरदादर इलाके में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की इस ‘ट्रिपल स्ट्राइक’ से अनैतिक कार्यों में लिप्त दलालों और संचालकों में हड़कंप मच गया है।
प्वाइंटर भेजकर बुना जाल, चक्रव्यूह में फंसा संचालक : मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बोईरदादर निवासी नारायण वैष्णव अपने घर पर बाहर से महिलाएं बुलाकर देह व्यापार का धंधा संचालित कर रहा है। सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने सटीक जाल बिछाया। एक ‘प्वाइंटर’ (फर्जी ग्राहक) को डील करने भेजा गया और जैसे ही इशारा मिला, चक्रधरनगर पुलिस, साइबर सेल और महिला थाना की संयुक्त टीम ने बिजली की रफ्तार से छापेमारी कर दी।
पीटा एक्ट के तहत गिरफ्तारी और बरामदगी : छापेमारी के दौरान मकान मालिक नारायण वैष्णव और एक संदिग्ध महिला को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पैसों का लालच देकर देह व्यापार का प्रबंधन और दलाली करता था।
- जप्ती : आरोपी के पास से नगद राशि, रेडमी और ओप्पो के मोबाइल फोन सहित भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
- कार्रवाई : आरोपी के विरुद्ध धारा 3, 4, 5, 7 पीटा एक्ट (अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम) के तहत केस दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
एसएसपी की सीधी चेतावनी : “रायगढ़ में गंदगी के लिए कोई जगह नहीं” – कार्रवाई के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा – “नशा, जुआ-सट्टा, कबाड़ और देह व्यापार जैसी सामाजिक बुराइयां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। अवैध गतिविधियों में लिप्त लोग या तो सुधर जाएं या फिर रायगढ़ छोड़ दें, वरना पुलिस की कठोरतम कार्रवाई के लिए तैयार रहें।”
इन जांबाजों ने दी दबिश : इस सफल रेड में सीएसपी मयंक मिश्रा के साथ चक्रधरनगर थाना प्रभारी जी.एल. साहू, साइबर सेल के राजेश पटेल, नवीन शुक्ला और महिला थाना की टीम (मालती पैंकरा, इंदुलता एक्का, एलीसा टोप्पो) की मुख्य भूमिका रही।




