खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

खैरागढ़ : इश्क, जिस्मानी रिश्ता और फिर खौफनाक अंत; शादी का दबाव बना तो प्रेमी ने पत्थर से कुचलकर ले ली जान…

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के नवगठित खैरागढ़ जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के हड़वा डैम में मिली एक युवती की लाश ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। जांच में खुलासा हुआ कि जिस प्रेमी के भरोसे युवती भिलाई से खैरागढ़ आई थी, उसी ने बड़ी बेरहमी से पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी और पहचान छुपाने के लिए लाश को पत्थर से बांधकर डैम में डुबो दिया।

मेले में शुरू हुई थी ‘खूनी प्रेम कहानी’ : ​पुलिस के अनुसार, मृतिका रूपा साहू (21) भिलाई के सुपेला की रहने वाली थी। करीब 3-4 साल पहले भिलाई के रामनगर मेले में उसकी मुलाकात हड़वा निवासी आनंद वर्मा (21) से हुई थी, जो मेले में झूला चलाने का काम करता था। यहीं से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। दोनों के परिजन इस रिश्ते से वाकिफ थे, लेकिन आनंद शादी के नाम पर लगातार रूपा को टाल रहा था।

शादी की जिद बनी मौत का कारण : ​वारदात वाले दिन यानी 25 जनवरी को रूपा शादी की बात करने आनंद के घर हड़वा पहुंची थी। आरोपी उसे अपनी बाइक पर बैठाकर घुमाने के बहाने हड़वा डैम ले गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि:

  • ​डैम के पास दोनों ने शारीरिक संबंध बनाए।
  • ​रिश्ता बनाने के बाद रूपा ने फिर से शादी का दबाव बनाया।
  • ​शादी की बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई।
  • ​आवेश में आकर आनंद ने पास पड़े भारी पत्थर से रूपा के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

लाश को ठिकाने लगाने की थी सोची-समझी साजिश : ​हत्या के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी ने हैवानियत की हदें पार कर दीं। उसने अपने दो गमछों को आपस में जोड़ा, एक सिरा रूपा की कमर से बांधा और दूसरे सिरे में एक बड़ा पत्थर बांधकर लाश को डैम के गहरे पानी में फेंक दिया ताकि वह ऊपर न आ सके।

एक बैग और आधार कार्ड ने खोला राज : ​26 जनवरी को जब लाश पानी में तैरती मिली, तो पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक कैरी बैग मिला। बैग में रखे आधार कार्ड, चप्पल और अस्पताल के पर्चों से मृतिका की शिनाख्त रूपा साहू के रूप में हुई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया।

पुलिस की सख्ती के आगे टूटा आरोपी : ​अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश गौतम ने बताया कि शक के आधार पर प्रेमी आनंद वर्मा को हिरासत में लिया गया था। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब कड़ाई से पूछताछ हुई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

​”आरोपी शादी के दबाव से पीछा छुड़ाना चाहता था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर, खून से सने कपड़े और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।”

नितेश गौतम, एडिशनल एसपी

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!