अलंकार होटल के पास एक्सीडेंट मामले में आरोपी चालक गिरफ्तार, जेल भेजा गया

• सीसीटीवी फुटेज से खुली पुलिस की तफ्तीश -घायल आरक्षक का इलाज जिंदल अस्पताल में जारी…
रायगढ़, 26 अक्टूबर 2025। 21 अक्टूबर की रात अलंकार होटल के पास हुए सड़क हादसे में फरार आरोपी चालक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज रायगढ़ के जिंदल अस्पताल में जारी है।
थाना चक्रधरनगर में पदस्थ आरक्षक उद्धव मांझी ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वे अपने साथी आरक्षक क्रमांक 348 खीरभूषण पटेल के साथ ड्यूटी समाप्त कर अलग-अलग मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान, जब वे अलंकार होटल के समीप पहुँचे, तो पीछे से आ रही सफेद रंग की तेज रफ्तार कार (क्रमांक CG 13 AX 2764) ने आरक्षक खीरभूषण पटेल की मोटरसाइकिल (CG 13 UC 1995) को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही पटेल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, दोनों घुटनों, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल संजीवनी अस्पताल रायगढ़ ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिंदल अस्पताल रायगढ़ रेफर किया गया।
सीसीटीवी फुटेज से हुआ आरोपी का पता : घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 548/2025 पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट एवं बीएनएस की धारा 125(ए) और 281 के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के निर्देशन में कोतवाली थाना, चक्रधरनगर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज से घटनाकारी वाहन और उसके चालक की पहचान हो गई।
टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक टिकेश्वर प्रजापति, पिता मैकूलाल प्रजापति, उम्र 19 वर्ष, वर्तमान पता ढिमरापुर रायगढ़, मूल निवास रामभांठा, थाना कोसीर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को उसके घर से गिरफ्तार किया।
पुलिस की सख्त कार्रवाई – जेल भेजा गया आरोपी : पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध दुर्घटना के साथ-साथ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। आरोपी को शनिवार को एसडीएम न्यायालय रायगढ़ में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई को एसपी दिव्यांग पटेल के मार्गदर्शन, सीएसपी रायगढ़, थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी चक्रधरनगर और साइबर सेल टीम की सक्रिय भूमिका में अंजाम दिया गया।




