RI प्रमोशन घोटाला: हाईकोर्ट का बड़ा हथौड़ा, परीक्षा निरस्त ; ‘दागी’ चयन प्रक्रिया पर जस्टिस व्यास की सख्त टिप्पणी…

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में पटवारियों से राजस्व निरीक्षक (RI) पदोन्नति के नाम पर हुए “पचड़े” और “अपवित्र” खेल पर हाईकोर्ट ने अंतिम प्रहार कर दिया है। जस्टिस एन.के. व्यास की सिंगल बेंच ने 7 जनवरी 2024 को आयोजित पूरी चयन प्रक्रिया और परीक्षा को निरस्त कर दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट रूप से माना कि इस परीक्षा की शुचिता भंग हो चुकी थी और इसे किसी भी सूरत में वैध नहीं ठहराया जा सकता।
‘भाई-भतीजावाद और सेटिंग’ की भेंट चढ़ी परीक्षा – हाईकोर्ट ने अपने फैसले में तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद और पक्षपात के स्पष्ट प्रमाण मिले हैं। कोर्ट ने माना कि:
- पूरी परीक्षा प्रणाली “दूषित” थी।
- पारदर्शिता और निष्पक्षता का पूरी तरह अभाव था।
- पति-पत्नी और भाई-बहनों को एक साथ बैठाकर लाभ पहुँचाया गया।
- फेल उम्मीदवारों को कागजों में हेरफेर कर पास कर दिया गया।
216 पटवारियों का प्रमोशन अधर में, अब नए सिरे से होगी परीक्षा : इस ऐतिहासिक फैसले के बाद उन 216 पटवारियों की पदोन्नति स्वतः निरस्त हो जाएगी, जिन्हें इस विवादित परीक्षा के आधार पर चयनित किया गया था। हालांकि, कोर्ट ने राज्य शासन को राहत देते हुए नए सिरे से परीक्षा आयोजित करने की छूट दी है। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि आगामी परीक्षा पूरी तरह संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप, पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए ताकि योग्य उम्मीदवारों को उनका हक मिल सके।
ACB/EOW की जांच में खुले थे ‘काले चिट्ठे’ – यह मामला केवल विभागीय गड़बड़ी तक सीमित नहीं था। ईओडब्ल्यू (EOW) ने इस घोटाले में पहले ही 10 अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जिनमें से दो सलाखों के पीछे हैं। जांच में सामने आया था कि:
- पेपर लीक: परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र खास लोगों तक पहुँच गए थे।
- सेंटर फिक्सिंग: रिश्तेदारों को एक ही लाइन में बैठाया गया ताकि वे नकल कर सकें।
- तकनीकी सबूत: जांच एजेंसी को ऐसे डिजिटल और दस्तावेजी सबूत मिले हैं, जो बड़े पैमाने पर हुई धांधली की पुष्टि करते हैं।
“न्याय की जीत :” याचिकाकर्ता पटवारियों का आरोप था कि कम अंक वाले ‘चहेतों’ को प्रमोट कर दिया गया और मेरिट वाले उम्मीदवार बाहर रह गए। हाईकोर्ट के इस फैसले ने सिस्टम की खामियों को उजागर करते हुए योग्य कर्मचारियों की उम्मीदें फिर से जगा दी हैं।
पूर्व में प्रकाशित खबर :




