रायगढ़

नये साल का तोहफा: NHM के बर्खास्त कर्मचारी बहाल, रायगढ़ सहित प्रदेश भर में खुशी की लहर…

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों के लिए साल 2025 का अंत खुशियों भरी सौगात लेकर आया है। राज्य सरकार ने एक बड़ा संवेदनशील निर्णय लेते हुए हड़ताल के दौरान बर्खास्त किए गए सभी 25 संविदा अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा में बहाल कर दिया है। इस बहाली में रायगढ़ जिले के 2 कर्मचारी भी शामिल हैं, जिससे स्थानीय कर्मचारियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

हड़ताल के दौरान हुई कार्रवाई को माना ‘शून्य’ – स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देश पर मिशन संचालक (NHM) द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि 18 अगस्त से 19 सितंबर 2025 तक चली अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान की गई सभी प्रशासनिक कार्रवाइयों को ‘शून्य’ माना जाएगा। सरकार ने सभी संबंधित जिला कलेक्टरों और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) को निर्देश दिए हैं कि इन कर्मचारियों की तत्काल उपस्थिति स्वीकार की जाए।

10 सूत्रीय मांगों को लेकर हुई थी एकजुटता : ​विदित हो कि प्रदेश के करीब 16,500 NHM संविदा कर्मचारियों ने अपनी नियमितीकरण सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया था। हड़ताल समाप्त होने के दौरान सरकार ने बर्खास्त कर्मचारियों की वापसी का भरोसा दिलाया था, जिसे अब अमलीजामा पहना दिया गया है।

विधायक व वित्त मंत्री का जताया आभार : इस निर्णय के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश NHM कर्मचारी संघ ने सरकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। रायगढ़ जिला इकाई के पदाधिकारियों ने विशेष रूप से स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्थानीय लोकप्रिय विधायक एवं वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे ‘न्याय की जीत’ बताया है।

​”यह फैसला केवल 25 कर्मचारियों की बहाली नहीं, बल्कि 16,500 कर्मचारियों की एकजुटता का सम्मान है। हम इसे नववर्ष के उपहार के रूप में देख रहे हैं।”

जिला प्रतिनिधि, NHM कर्मचारी संघ

भविष्य की उम्मीदें : बहाली के इस आदेश ने कर्मचारियों के भीतर एक नई ऊर्जा का संचार किया है। संघ ने आशा व्यक्त की है कि सरकार जल्द ही उनकी शेष लंबित मांगों पर भी इसी तरह सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी ताकि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ हो सकें।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!