8 लाख का धान, 3 गाड़ियां और पुलिस का शिकंजा : जशपुर बॉर्डर पर ‘कोचिया राज’ खत्म करने की मुहिम तेज…

जशपुर। धान खरीदी के सीजन में बिचौलियों और कोचियों का नेटवर्क तोड़ने के लिए जशपुर पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया है। 10 दिसंबर को हुई बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने झारखंड और ओडिशा से आ रहे 367 क्विंटल धान के साथ तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
क्या है पूरा मामला? – एसएसपी शशि मोहन सिंह के ‘अवैध धान मुक्त जशपुर’ अभियान के तहत लोदाम और कोल्हेनझरिया पुलिस ने एक ही दिन में तीन बड़ी गाड़ियां (ट्रक, पिकअप और ट्रैक्टर) पकड़ीं।
- झारखंड कनेक्शन : गुमला से आ रहे ट्रक ड्राइवर के पास 300 क्विंटल धान का कोई हिसाब नहीं था।
- ओडिशा कनेक्शन : सुंदरगढ़ के रास्ते पिकअप और ट्रैक्टर से लाया जा रहा 67 क्विंटल धान भी पुलिस ने दबोच लिया।
जब्त धान की कुल कीमत 8 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तुरंत सारा माल और गाड़ियां जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया है।
पुलिस की रणनीति: ‘बॉर्डर सील, कोचिए फेल’ : यह कार्रवाई सिर्फ जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक संदेश है। पुलिस अब केवल मुख्य सड़कों पर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण और चोर रास्तों पर भी मुखबिरों का जाल बिछा चुकी है। यही कारण है कि अब तक पुलिस 1000 क्विंटल से ज्यादा अवैध धान पकड़ने में सफल रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि अवैध परिवहन पर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




