रायगढ़ : चरित्र शंका में हैवान बना पति, बनसिया रोड पर पत्नी का गला रेतकर खुद पहुंचा थाना…

रायगढ़। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र के बनसिया रोड पर गुरुवार की रात रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। एक पति ने अपनी ही पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते उसकी धारदार हथियार (कत्ता) से नृशंस हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद कातिल पति खुद खून से सने हाथ लेकर थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विवाद और खूनी अंजाम : मिली जानकारी के अनुसार, पुसौर के नवापारा निवासी सेतु चौहान (34 वर्ष) अपनी पत्नी निशा चौहान (30 वर्ष) और दो मासूम बच्चों के साथ चमड़ा गोदाम इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। सेतु पिछले काफी समय से अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। उसे संदेह था कि निशा का जेल कॉम्प्लेक्स क्षेत्र के किसी युवक के साथ अवैध संबंध है। इसी बात को लेकर घर में अक्सर कलह होती थी।

गुरुवार रात करीब 8 बजे विवाद इतना बढ़ा कि सेतु ने खौफनाक साजिश रची। वह निशा को घुमाने के बहाने सांगीतराई से बनसिया रोड की ओर सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसने लोहे के भारी कत्ता से निशा की गर्दन पर जोरदार प्रहार कर दिया। वार इतना घातक था कि निशा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
खुद थाने पहुंचकर दी जानकारी : हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, लेकिन आरोपी भागने के बजाय सीधे जूटमिल थाना पहुंचा। उसने पुलिसकर्मियों के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। आरोपी की बात सुनकर पुलिस दंग रह गई और तत्काल मौके पर पहुंची।
”आरोपी पति ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की हत्या की है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।”
प्रशांत आहेर, थाना प्रभारी, जूटमिल
मासूमों के सिर से उठा साया : इस हत्याकांड ने दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया है और पिता सलाखों के पीछे पहुंच गया है। पुलिस अब इस मामले में कत्ल में इस्तेमाल हथियार बरामद करने और अन्य साक्ष्य जुटाने में जुटी है।




