सपने देखें, संकल्प लें और विपरीत धारा में आगे बढ़ें : आनंद कुमार

• वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी बोले -‘इरादा मजबूत हो तो कोई बाधा रोक नहीं सकती’ ; सरिया में भव्य करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम, 3 हजार से अधिक युवाओं की उपस्थिति…
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 26 नवंबर 2025। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी की पहल पर सुपर-30 के संस्थापक आनंद कुमार का करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम मंगलवार को सरिया में भव्य रूप से आयोजित हुआ। स्कूल मैदान विद्यार्थियों और युवाओं से खचाखच भरा रहा, जहाँ 3 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं, शिक्षक, प्रतियोगी परीक्षार्थी, जनप्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट करने के साथ की गई।
“सपने बुनिए और कठिनाइयों को अवसर में बदलिए” – आनंद कुमार : मुख्य अतिथि आनंद कुमार ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा—
“सपने देखें, संकल्प लें और उन सपनों को मेहनत से बुनें। जीवन में जितनी कठिनाइयाँ आएंगी, सफलता उतनी ही अधिक मिलेगी। जो भी करें, अच्छा करें। मेहनत से सब कुछ संभव है।”
उन्होंने छात्रों से सतत सीखने की भावना विकसित करने का आह्वान करते हुए कहा-
“पढ़ाई पैसे से नहीं, मेहनत से होती है। निर्धन परिवार में जन्म लेना कमजोरी नहीं, सौभाग्य है -क्योंकि संघर्ष आपको मजबूत बनाता है।”
आनंद कुमार ने सुपर 30 की शुरुआत की कहानी साझा की -कैंब्रिज विश्वविद्यालय में चयन होने के बावजूद आर्थिक कमजोरी के कारण दाखिला न हो पाना, पिता का निधन, पापड़ बेचकर पढ़ाई जारी रखना, और निर्धन छात्रों के लिए सुपर 30 को शुरू करना। उन्होंने कहा –
“गरीब बच्चों को आगे बढ़ता देखकर कोचिंग संस्थानों ने मुझ पर पाँच बार हमला कराया, धमकियाँ दीं, लेकिन मैं नहीं रुका। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा मिला पद्मश्री और बच्चों की सफलता ही मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
आनंद कुमार ने युवाओं से अपना आत्मविश्वास मजबूत रखने और बड़े सपने देखने की अपील की।
“कठिनाई जितनी बड़ी, सफलता उतनी ऊँची”—वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा –
“मन का इरादा मजबूत हो तो कोई बाधा आपको रोक नहीं सकती। कठिनाइयाँ सफलता की सीढ़ी बनती हैं।”
उन्होंने फिल्म ‘सुपर 30’ का संवाद उद्धृत करते हुए कहा –
“अमीर लोग अपने लिए चिकनी सड़क बनाते हैं और हमारे हिस्से गड्ढे छोड़ जाते हैं। लेकिन जब छलांग लगाने का समय आता है, तो सबसे लंबी छलांग हम ही लगाते हैं।”
उन्होंने युवाओं से अपनी परिस्थितियों को समझकर करियर चुनने और ‘जबरदस्ती करियर’ न चुनने की सलाह दी। चौधरी ने अपने संघर्षपूर्ण दिनों -गांव से दिल्ली तक की यात्रा, आईएएस बनने की प्रेरणा, और सीमित संसाधनों के बीच पढ़ाई – का उल्लेख करते हुए कहा-
“जब मैं प्रतिकूल परिस्थितियों में आईएएस बन सकता हूँ, तो आप क्यों नहीं?”
महत्वपूर्ण घोषणाएँ : कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने युवाओं के लिए प्रमुख घोषणाएँ कीं-
✔ UPSC प्रीलिम्स उत्तीर्ण करने वाले राज्य के युवाओं को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि
✔ 100 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये की स्वेच्छानुदान राशि
घोषणाएँ सुनकर उपस्थित युवाओं ने तालियों से स्वागत किया।
गरिमामयी उपस्थिति: कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, रायगढ़ महापौर जीववर्धन चौहान, सरिया नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, उपाध्यक्ष अजय नायक, सभापति अभिलाषा नायक, जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।
युवाओं का उत्साह : पूरे कार्यक्रम के दौरान स्कूल मैदान तालियों, फ्लैशलाइट और उत्साह के जश्न से गूंजता रहा। सरिया में आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं के लिए सबसे बड़े और प्रभावी करियर मार्गदर्शन आयोजनों में से एक साबित हुआ।




