कलेक्टर के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई : धरमजयगढ़ के पीपरमार गोदाम से 400 क्विंटल अवैध धान जब्त, मूल्य 12 लाख रुपए से अधिक

रायगढ़, 21 नवंबर 2025। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी और दुरुपयोग से मुक्त रखने प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन अवैध भंडारण व परिवहन पर नकेल कसने अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर धरमजयगढ़ क्षेत्र में आज बड़ी कार्रवाई की गई।
तहसील धरमजयगढ़ के ग्राम पीपरमार स्थित गोदाम से 400 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख 40 हजार रुपए आंकी गई है। यह कार्रवाई एसडीएम धरमजयगढ़ श्री प्रवीण भगत के नेतृत्व में राजस्व विभाग, मंडी विभाग और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
कैसे हुआ खुलासा? – एसडीएम श्री भगत ने बताया कि संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण के दौरान पीपरमार गोदाम में अधिसूचित कृषि उपज के स्वामी जितेन्द्र अग्रवाल के पास बड़े पैमाने पर अवैध धान भंडारित पाया गया। गोदाम संचालन की जिम्मेदारी मुकेश अग्रवाल के पास थी।
प्रशासन ने मौके पर ही धान जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
प्रशासन की ताकीद: अवैध कारोबारियों पर सख्त निगरानी : एसडीएम ने स्पष्ट किया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के दौरान कलेक्टर के निर्देश पर अवैध धान परिवहन व भंडारण पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अनुविभागीय स्तर पर गठित टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान मंडी निरीक्षक घरघोड़ा श्री नारायण दास भी उपस्थित रहे।




