जशपुर : विवाहिता से छेड़छाड़ और मारपीट करने वाला आरोपी संजीत खलखो गिरफ्तार, सलाखों के पीछे पहुँचा…

जशपुर। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए जशपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला के साथ गलत नियत से छेड़छाड़, वस्त्र फाड़ने और मारपीट करने वाले आरोपी संजीत खलखो (34 वर्ष) को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घर में अकेली पाकर किया हमला : घटना 3 जनवरी की सुबह की है। पीड़िता अपने घर के आंगन में बर्तन मांज रही थी और घर पर अकेली थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी संजीत खलखो चुपके से पीछे से आया और पीड़िता को दबोच लिया। आरोपी ने अश्लील हरकतें करते हुए पीड़िता के कपड़े फाड़ दिए। जब पीड़िता ने कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने उसे जमीन पर पटक कर बुरी तरह पीटा और फरार हो गया।
पति को भी दी जान से मारने की धमकी : पीड़िता ने आपबीती फोन पर अपने पति को बताई। जब पति आरोपी के घर पूछताछ करने पहुँचा, तो आरोपी संजीत ने न केवल घर का दरवाजा बंद कर लिया, बल्कि पीड़िता के पति को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ भी मारपीट की।
पुलिस की त्वरित स्ट्राइक : 4 जनवरी को मामले की रिपोर्ट दर्ज होते ही फरसाबहार पुलिस एक्शन मोड में आ गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशानुसार, थाना प्रभारी विवेक कुमार भगत की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर से ही धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपी पर इन धाराओं में कसा शिकंजा :
- BNS धारा 74 : महिला की गरिमा को ठेस पहुँचाना/छेड़छाड़।
- BNS धारा 115(2) : स्वेच्छा से चोट पहुँचाना/मारपीट।
“जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे कृत्यों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।”
शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर
टीम की भूमिका : इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, प्रधान आरक्षक अमरनाथ पैंकरा, आरक्षक ईश्वर साय और मरियानुस एक्का का विशेष योगदान रहा।




