डायल 112 की समीक्षा बैठक में डीएसपी सुशांतो बनर्जी सख्त – कहा, “रिस्पांस टाइम सुधारें, नागरिकों से संवेदनशीलता से पेश आएं”…

रायगढ़, 8 नवंबर। शहर में बढ़ते पुलिस कॉल रिस्पॉन्स की गंभीरता को देखते हुए आज पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में डायल 112 टीम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप पुलिस अधीक्षक (नोडल अधिकारी डायल 112) श्री सुशांतो बनर्जी ने की। उनके साथ प्रभारी डायल 112 उप निरीक्षक पुष्पेंद्र श्याम भी उपस्थित रहे।
डीएसपी बनर्जी ने बैठक के दौरान स्पष्ट कहा कि –
“डायल 112 सिर्फ एक नंबर नहीं, यह जनता की सुरक्षा की पहली उम्मीद है। हर कॉल को संवेदनशीलता से लें और पीड़ित को यथासंभव तत्काल मदद मिले – यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।”
उन्होंने सभी ईआरवी टीमों को रिस्पांस टाइम में सुधार, मौके पर तत्काल पहुंच और ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि शासकीय वाहन का उपयोग केवल डायल 112 के निर्धारित कार्यों के लिए ही किया जाए तथा हर समय वाहन और स्टाफ अपने ड्यूटी पॉइंट पर मौजूद रहें।
डीएसपी बनर्जी ने कहा कि “जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है”, इसलिए पुलिसकर्मी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अपनी कार्यशैली में संवेदनशीलता, तत्परता और प्रोफेशनलिज्म दिखाएं।
बैठक में अच्छा प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों और ईआरवी वाहन चालकों को सराहा गया और उन्हें आगे भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित किया गया।
उप निरीक्षक पुष्पेंद्र श्याम ने सुरक्षा, व्यवहार और तत्परता के मानकों पर विस्तृत मार्गदर्शन देते हुए कहा कि –
“नागरिकों की मदद के दौरान हर पुलिसकर्मी का व्यवहार शालीन और मानवीय होना चाहिए। यही पुलिस की असली पहचान है।”
बैठक के दौरान फील्ड ऑपरेशन की चुनौतियों, कॉल हैंडलिंग के प्रोटोकॉल और इमरजेंसी रिस्पॉन्स की गति बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
रायगढ़ पुलिस की डायल 112 टीम अब और अधिक तत्परता के साथ हर नागरिक की मदद के लिए तैयार है — हर कॉल, हर मदद, हर समय।




