रायगढ़

रायगढ़ में अपराधियों पर काल बने SSP शशि मोहन सिंह : ‘क्लीन हंट’ में ओडिशा से दबोचा गया 60 किग्रा गांजे का मुख्य सप्लायर, ‘आघात’ से थर-थर कांप रहा अवैध शराब माफिया…

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने जिले को अपराध और नशे के जाल से मुक्त कराने के लिए चौतरफा महाभियान छेड़ दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देशों के तहत चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” और “ऑपरेशन आघात” ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों और स्थानीय अवैध शराब माफियाओं की कमर तोड़कर रख दी है। पुलिस की इस आक्रामक और रणनीतिक कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

​मादक पदार्थों की सप्लाई चेन को जड़ से उखाड़ने के संकल्प के तहत तमनार पुलिस ने एक ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। अप्रैल 2026 में 60 किलो गांजा तस्करी के मामले में पकड़े गए आरोपियों से मिली एक मोबाइल नंबर की कड़ी को ट्रेस करते हुए पुलिस टीम सीधे ओडिशा के बौद्ध जिले तक जा पहुंची। शातिर मुख्य सप्लायर शंकर मेहर, जो लगातार अपने नाम और ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था, उसे तमनार पुलिस ने पुलिस कैंप और सटीक मुखबिर तंत्र की मदद से उसी के गांव से धर दबोचा। एसएसपी शशि मोहन सिंह की “एंड-टू-एंड” कार्रवाई की रणनीति का ही नतीजा है कि पुलिस केवल गांजा जब्ती तक सीमित न रहकर पूरे सिंडिकेट के सरगना को जेल की सलाखों के पीछे भेजने में कामयाब रही।

​दूसरी ओर, “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने कानून-व्यवस्था को सीधे जन आंदोलन से जोड़ दिया है। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम गेजामुड़ा में पुलिस और संगठित महिला समूह ने मिलकर अवैध महुआ शराब के ठिकाने पर जोरदार छापेमारी की। मौके से 20 बोरी महुआ लहान और भारी मात्रा में महुआ पास जब्त कर ग्रामीणों की मौजूदगी में तुरंत नष्ट कर दिया गया।

वहीं, भूपदेवपुर थाना प्रभारी रोशन कुमार कौशिक ने खाकी की औपचारिक दूरी को मिटाते हुए ग्राम बिलासपुर में महिलाओं के बीच जमीन पर बैठकर चौपाल लगाई। उन्होंने महिलाओं को नशे के सामाजिक व आर्थिक दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए महिला सुरक्षा के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर (94792-70533) जारी किया।

​एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ और सख्त लहजे में संदेश दिया है कि रायगढ़ में अवैध शराब और नशे के सौदागरों के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस न सिर्फ जमीनी स्तर पर सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई करेगी, बल्कि महिलाओं और ग्रामीणों की एकजुट शक्ति के साथ नशे के इस काले कारोबार का नामोनिशान मिटाकर रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!