खदान में घुसपैठ और दबंगई पड़ी भारी: सरगुजा पुलिस ने 7 संदिग्धों को दबोचा, 6 वाहन और कोयला जब्त…

सरगुजा। कोयला चोरी और अवैध तस्करी के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। अमेरा खदान परिसर में संदिग्ध रूप से प्रवेश कर विवाद और मारपीट पर आमादा 7 व्यक्तियों को लखनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोटरसाइकिलें और 10 बोरी अवैध कोयला बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है।
खदान प्रबंधन से उलझना पड़ा महंगा : घटना गुरुवार (29/01/26) सुबह की है। अमेरा खदान परिसर में जब खदान प्रबंधन के कर्मचारियों ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे इन युवकों से पूछताछ की, तो वे सहयोग करने के बजाय विवाद पर उतारू हो गए। सूचना मिलते ही जब लखनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुँची, तो आरोपी पुलिस की मौजूदगी में ही खदान स्टाफ को धमकी देने और मारपीट की कोशिश करने लगे।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई : पुलिस ने किसी भी संभावित संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई करते हुए निम्नलिखित आरोपियों को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार किया है:
- नन्दलाल (35 वर्ष), गुमगुरा यादवपारा।
- गुलाब राजवाडे (32 वर्ष), गणेशपुर।
- संजय यादव (18 वर्ष), जमगला।
- तेजू राजवाड़े (36 वर्ष), गणेशपुर।
- सतेन्द्र कुमार (40 वर्ष), मुडेसा।
- प्रेम कुमार (23 वर्ष), गणेशपुर।
- महेश्वर राम (25 वर्ष), गणेशपुर।
सख्ती के मूड में पुलिस : पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 126 और 135(3) BNSS के तहत इस्तगासा पेश किया है। थाना प्रभारी सम्पत पोटाई के नेतृत्व में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि खदान क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
बरामदगी एक नज़र में :
- वाहन : 06 नग मोटरसाइकिल।
- जब्ती : 10 बोरी अवैध कोयला।
- कुल मशरूका : लगभग 03 लाख रुपये।
कार्यवाही टीम: उप निरीक्षक सम्पत पोटाई, सउनि निशिकांत, प्रधान आरक्षक रवि सिंह, सुरजीत कोरी एवं पुलिस टीम।




