रायगढ़

महानदी में फंसे लोगों को मोटरबोट से निकाला गया सुरक्षित…

पुसौर विकासखंड के सिंगपुरी और चंघोरी में बाढ़ आपदा राहत का मॉक ड्रिल…

रायगढ़, 25 सितम्बर 2025। महानदी में बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने आज पुसौर विकासखंड के तटवर्ती गांव सिंगपुरी और चंघोरी में व्यापक बाढ़ आपदा राहत मॉक ड्रिल का आयोजन किया। ड्रिल के दौरान महानदी में फंसे लोगों को डीडीआरएफ के तैराकों ने मोटरबोट की मदद से सुरक्षित निकाला

इस मॉक ड्रिल का नेतृत्व कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में किया गया। मौके पर एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, एडिशनल एसपी आकाश मरकाम, ज्वाइंट कलेक्टर राकेश गोलछा और जिला सेनानी बी. कुजूर मौजूद रहे।

ड्रिल में बाढ़ आने पर टापू में फंसे लोगों की निकासी, डूबते लोगों की त्वरित मदद, मेडिकल इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार और जीवनरक्षक प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी पूरी तैयारी के साथ मौजूद रहे।

यह अभ्यास राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय, भारत सरकार, छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में हुआ। इसमें राहत शिविरों की पहचान, नियंत्रण कक्ष का संचालन, निकासी मार्ग, संसाधनों की उपलब्धता और पुनर्वास की प्रक्रियाओं का अभ्यास भी किया गया।

गांव के लोग और स्कूली बच्चे विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्हें बाढ़ आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।

टीमों के बेहतर समन्वय पर फोकस : बाढ़ आपदा जैसे संकट में राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी, विद्युत, खाद्य विभाग और नगर सेना की टीमें एकसाथ काम करती हैं। ड्रिल का मकसद इन्हीं टीमों के बीच समन्वय और त्वरित सूचना आदान-प्रदान को मजबूत करना था, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में जीवन रक्षा और राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जा सके

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!