रायगढ़ : पुरानी रंजिश में 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या, इलाज के दौरान तोड़ा दम; कापू पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल…

रायगढ़/कापू (17 दिसंबर)। जिले के कापू थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश का एक खौफनाक अंजाम सामने आया है। ग्राम ठाकुरपोड़ी (दर्रापारा) में एक युवक ने 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला को डंडे से इतना पीटा कि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या (मर्डर) का अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला? – पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 12 दिसंबर 2025 की है। ग्राम ठाकुरपोड़ी निवासी 82 वर्षीय सोनमति केरकेट्टा (पति करूं केरकेट्टा) का गांव के ही सबीलाल केरकेट्टा (50 वर्ष) से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते 12 दिसंबर को सबीलाल ने तैश में आकर बुजुर्ग महिला पर बांस के डंडे से जानलेवा हमला कर दिया।
सिर पर गंभीर चोट लगने से सोनमति मौके पर ही बेहोश हो गईं। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव में भर्ती कराया, जहाँ तीन दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 15 दिसंबर की दोपहर उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई : बुजुर्ग महिला की मौत के बाद पत्थलगांव थाने से मिली मर्ग डायरी के आधार पर कापू थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने तत्काल जांच शुरू की। पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृत्यु का कारण ‘हत्या’ (Homicidal) बताए जाने पर पुलिस ने आरोपी सबीलाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया।
खेत में छिपा था आरोपी : विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम ठाकुरपोड़ी में दबिश दी। आरोपी सबीलाल अपने घर के पास खेत की ओर छिपने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
बुधवार (17 दिसंबर) को पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




