जशपुर

मूक-बधिर युवती से दरिंदगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जशपुर पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा…

जशपुर। जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहाँ एक मूक-बधिर और मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। हालांकि, जशपुर पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और सूचना मिलने के चंद घंटों के भीतर ही आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।

सूने घर का फायदा उठाकर किया दुष्कर्म – घटना 2 जनवरी 2026 की दोपहर की है। सिटी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 26 वर्षीया पीड़िता (जो बोलने और सुनने में असमर्थ है) घर पर अकेली थी। उसके पिता और छोटी बहन लकड़ी लेने जंगल गए थे, जबकि भाई-भाभी खेत में काम करने गए थे। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर गांव का ही माइकल टोप्पो (36 वर्ष) घर में घुस गया और पीड़िता को पास की गौशाला में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

छोटी बहन ने रंगे हाथों पकड़ा – ​शाम करीब 4 बजे जब पीड़िता की छोटी बहन जंगल से वापस लौटी और अपनी बड़ी बहन को घर में नहीं पाया, तो वह उसे ढूंढते हुए गौशाला पहुँची। वहां उसने आरोपी माइकल टोप्पो को पीड़िता के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। छोटी बहन के चिल्लाने और डांटने पर आरोपी अपने कपड़े पहनकर वहां से भाग निकला।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी – मामले की रिपोर्ट दर्ज होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल सक्रिय हुई।

  • FSL टीम के साथ मौके का मुआयना किया गया।
  • ​पीड़िता का तत्काल डॉक्टरी मुलाहजा कराया गया।
  • ​पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी माइकल टोप्पो को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

​पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(झ)(ट) और 332(b) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

“जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर अत्यंत गंभीर है। ऐसे घृणित कार्य करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।”  शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर

टीम की भूमिका: इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, एएसआई स्नेहलता सिंह, महिला प्रधान आरक्षक सावित्री भगत, महिला आरक्षक जया देवी और आरक्षक रवि राम की अहम भूमिका रही।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!