सूरजपुर में इंसानियत शर्मसार : घर लौट रही नाबालिग को अकेला पाकर दो दरिंदों ने नोचा, स्टेडियम ग्राउंड के पास गैंगरेप कर आरोपी फरार…

सूरजपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दो युवकों ने एक नाबालिग लड़की को अपनी दरिंदगी का शिकार बना डाला। मामा के घर से लौट रही नाबालिग को अकेला पाकर दो वहशियों ने स्टेडियम ग्राउंड के पास उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश तेज कर दी है।
रास्ते में छूटा सामान, तलाश में निकले पिता को ग्राउंड में मिली बदहवास बेटी – प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता सूरजपुर में एक परिचित के यहां रहकर पढ़ाई या काम करती है। 16 सितंबर को वह रामानुजगंज स्थित अपने पैतृक घर और फिर वहां से अपने मामा के घर गई थी। 17 सितंबर को वह रामानुजनगर से ऑटो में सवार होकर वापस सूरजपुर के लिए निकली।
सूरजपुर पहुंचने पर जब किशोरी ऑटो का किराया नहीं दे पाई, तो चालक उसका बैग अपने पास रखकर वापस लौट गया और उसने बैग किशोरी के पिता को सौंपते हुए किराया न मिलने की जानकारी दी। 18 सितंबर को पिता जब बेटी का बैग लौटाने सूरजपुर पहुंचे, तो पता चला कि वह घर पहुंची ही नहीं है। अनहोनी की आशंका के बीच परिजनों ने जब तलाश शुरू की, तो किशोरी शिव मंदिर स्टेडियम ग्राउंड के पास बेहद डरी-सहमी और बदहवास हालत में मिली।
रवि और कान्हा पर दरिंदगी का आरोप, पुलिस की गिरफ्त से बाहर – पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताते हुए खुलासा किया कि ग्राउंड के पास रवि और कान्हा नाम के दो युवकों ने उसे अकेला पाकर घेर लिया और बारी-बारी से उसके साथ घिनौना कृत्य किया। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को उसी हालत में छोड़कर भाग निकले।
पिता तत्काल पीड़िता को लेकर कोतवाली थाने पहुंचे और दरिंदों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
“परिजनों की शिकायत के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों (रवि और कान्हा) के खिलाफ गैंगरेप समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।”
अभिषेक पैकरा, एसडीओपी, सूरजपुर




