बालोद

अवैध कारोबारियों पर नए पुलिस कप्तान का प्रहार : जिले में आबकारी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले की कमान संभालते ही भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी किरण गंगाराम चव्हाण के सख्त और स्पष्ट तेवर साफ नजर आने लगे हैं। नए पुलिस अधीक्षक के कड़े रुख और कुशल नेतृत्व के चलते बालोद पुलिस इस समय पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अवैध गतिविधियों को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि अवैध कारोबार करने वाला व्यक्ति चाहे कितनी भी ऊंची पहुंच रखता हो, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उनकी इसी दूरदर्शी और नकेल कसने वाली कार्यशैली का नतीजा है कि जिला पुलिस ने एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी कर अवैध शराब बेचने वालों और यातायात नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मचा दिया है।

ढाबों पर एक साथ पड़ी रेड, मिला अवैध शराब का जखीरा

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी गुरूर श्रीमती माया शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में विशेष टीम और थाना पुरूर पुलिस ने संयुक्त रणनीति बनाकर कार्रवाई की। पुलिस ने एनएच-30 पर स्थित ढाबों पर एक साथ दबिश देकर अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए।

  • साहू ढाबा (ग्राम पुरूर) : पुरूर थाना पुलिस ने ग्राम पुरूर स्थित साहू ढाबा पर छापेमारी कर मौके से अवैध शराब जब्त की। इस मामले में कुम्हारखान निवासी 28 वर्षीय जगत राम साहू (पिता मोहित राम साहू) को हिरासत में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
  • हाईवे ढाबा (ग्राम बिटोडा) : इसी कड़ी में ग्राम बिटोडा के जवाहर चौक के पास संचालित हाईवे ढाबा परिसर में रेड मारी गई, जहाँ बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई देशी मदिरा बरामद हुई। पुलिस ने मौके से बिटोडा निवासी 25 वर्षीय शुभम सालुंके (पिता पंजाब राव सालुंके) को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की।

शराबी चालकों पर शिकंजा, 49 वाहन चालकों के कटे चालान

अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने के साथ-साथ बालोद पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान मोटरयान अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कुल 49 मामले बनाए गए। इसमें से धारा 185 के अंतर्गत शराब पीकर खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने वाले 5 चालकों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की गई।

जांबाज अधिकारियों की रही मुख्य भूमिका

एसपी किरण गंगाराम चव्हाण की सटीक प्लानिंग को जमीन पर उतारने में जिले की संयुक्त पुलिस टीम ने शानदार तालमेल का परिचय दिया। इस पूरी मुहिम को सफ़लता पूर्वक अंजाम देने में निरीक्षक नवीन बोरकर, रक्षित निरीक्षक रेवती वर्मा, सूबेदार अखिलेश सिंह, निरीक्षक सोन सिंह सोरी, निरीक्षक एम. सिंह, उप निरीक्षक जोगेन्द्र साहू, पीएसआई चित्ररेखा खांडे, सहायक उप निरीक्षक अनिल राजपूत, सहायक उप निरीक्षक अजित महोबिया और सउनि देवकुमारी की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की आम जनता और ढाबा संचालकों से अपील

बालोद पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों के साथ-साथ सभी ढाबा संचालकों को चेतावनी दी है कि वे अपने परिसर में अवैध शराब का भंडारण, बिक्री या सेवन न होने दें। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे नशे में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कहीं भी अवैध गतिविधियां पाई जाती हैं, तो नागरिक तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। नए एसपी की अगुवाई में यह अभियान आगे भी इसी तरह बिना रुके लगातार जारी रहेगा।

Feroz Ahmed Khan

संभाग प्रभारी : दुर्ग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!