जांजगीर-चांपा में खौफनाक वारदात : जिस बेटे को जन्म दिया, उसी को टंगिया से काट डाला! शराबी बेटे की हरकतों से परेशान पिता ने उठाया खूनी कदम, हत्या के बाद खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर…

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से रिश्तों को शर्मसार और इंसानियत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने ही बेटे की टंगिया से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बेटा शराब पीने का आदी था और आए दिन घर में विवाद करने के साथ परिजनों से मारपीट करता था। सोमवार की रात भी घर में विवाद हुआ, लेकिन इस बार गुस्से में आकर पिता ने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया कि परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं।
हैरान करने वाली बात यह है कि बेटे की हत्या करने के बाद आरोपी पिता कहीं भागा नहीं, बल्कि सीधे पुलिस थाने पहुंच गया और अपना जुर्म कबूल करते हुए सरेंडर कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
टंगिया से किया जानलेवा हमला, आंगन में तोड़ा दम – मामला मुलमुला थाना क्षेत्र के डिघोरा गांव का है। मृतक की पहचान रावेन्द्र मरावी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रावेन्द्र को शराब पीने की लत थी। नशे की हालत में वह अक्सर घरवालों के साथ झगड़ा करता था और उनके साथ मारपीट भी करता था। उसकी इन हरकतों से परिवार के लोग परेशान थे।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात भी रावेन्द्र शराब के नशे में घर पहुंचा और विवाद करने लगा। घर में एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। इसी दौरान गुस्से में आकर उसके पिता ने टंगिया उठा ली और बेटे पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से हुए हमले में रावेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया। वह खून से लथपथ हालत में घर के आंगन में गिर पड़ा। कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
बेटे की हत्या कर सीधे थाने पहुंचा पिता – वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता ने पुलिस से बचने की कोशिश नहीं की। वह खुद मुलमुला थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। थाने में पिता के सरेंडर करने की खबर से पुलिसकर्मी भी सक्रिय हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम डिघोरा गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी पिता गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी – मुलमुला पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों, पारिवारिक विवाद और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
शराब की लत और घरेलू कलह का खौफनाक अंजाम! – इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी, वहां आखिरकार एक ऐसी वारदात हो गई, जिसने एक परिवार को तबाह कर दिया। एक तरफ बेटे की जान चली गई, तो दूसरी तरफ पिता अपने ही बेटे की हत्या के आरोप में सलाखों के पीछे पहुंच गया। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।




