उत्सव की आड़ में इंसानियत शर्मसार : दल्ली राजहरा में गौरी-गौरा उत्सव के दौरान हुड़दंगियों ने आधे घंटे रोकी एम्बुलेंस, सिख बुजुर्ग महिला की अटकी सांसें

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले के औद्योगिक शहर दल्ली राजहरा में दीपावली के पावन पर्व और उल्लास के माहौल को उस वक्त गहरा आघात लगा, जब इंसानियत और संवेदनशीलता को ताक पर रखने वाली एक अत्यंत शर्मनाक घटना सामने आई। वार्ड क्रमांक 04 में चल रहे गौरी-गौरा उत्सव के दौरान कुछ अराजक तत्वों ने एक गंभीर मरीज को ले जाने के लिए आ रही एम्बुलेंस को लगभग आधे से पौन घंटे तक रोककर रखा। इस अमानवीय लापरवाही के कारण एक बुजुर्ग सिख महिला की जान पर गंभीर संकट आन पड़ा।
बुजुर्ग महिला मरीज की स्थिति थी बेहद नाज़ुक
वार्ड नंबर 04 निवासी सुखचैन सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 04 निवासी सुखचैन सिंह की माता श्रीमती मनजीत कौर (उम्र 74 वर्ष) की तबीयत अचानक बेहद गंभीर हो गई थी। मरीज को हाई बीपी और उनकी बिगड़ती स्थिति को देखते हुए परिजनों ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद ली ताकि उन्हें बेहतर और त्वरित उपचार के लिए भिलाई स्थित सुप्रसिद्ध बीएसपी सेक्टर-9 अस्पताल पहुँचाया जा सके। एम्बुलेंस बुजुर्ग महिला को उनके घर से लेने के लिए तेजी से आगे बढ़ रही थी, लेकिन उत्सव की आड़ में सड़क पर जमे कुछ उपद्रवी तत्वों ने वाहन को आगे बढ़ने से रोक दिया।

कानूनी और मानवीय पहलू : जानलेवा लापरवाही
इस घटना ने समाज के कई गंभीर पहलुओं को उजागर किया है। एक ओर जहां धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व आपसी भाईचारे, उत्सव और एक-दूसरे के जीवन में उजाला भरने के लिए मनाए जाते हैं, वहीं कुछ असामाजिक तत्वों जिनमें ज्यादातर महिलाएं भी शामिल थी जिनकी हरकत ने इन पवित्र मान्यताओं पर बदनुमा दाग लगा दिया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी क्रिटिकल केयर मरीज के लिए ‘गोल्डन ऑवर’ यानी शुरुआती समय बेहद कीमती होता है। एम्बुलेंस को अकारण आधे घंटे तक रोके रखना सीधे तौर पर मरीज के जीवन के साथ खिलवाड़ है, जो कानूनी रूप से भी एक गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। आपातकालीन सेवाओं (इमरजेंसी सर्विस) में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ भारतीय कानून में सख्त प्रावधान हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकतें दोबारा न दोहराई जाएं।
सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों में रोष
इस घटना के सामने आने के बाद शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि उत्सव की आड़ में कानून-व्यवस्था को अपने हाथ में लेना और मानवता के बुनियादी उसूलों को भूल जाना किसी भी सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं है। सिख समुदाय और स्थानीय निवासियों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से मांग की है कि उन उपद्रवी तत्वों की शिनाख्त की जाए जिन्होंने एम्बुलेंस का रास्ता रोका था और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
यह घटना हमें आत्म विश्लेषण करने पर मजबूर करती है कि उत्सवों की भीड़ में कहीं हम अपनी संवेदनाएं और इंसानियत तो नहीं खोते जा रहे हैं। एक सिख बुजुर्ग महिला की सांसों के साथ हुआ यह खिलवाड़ पूरे समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि आपातकालीन परिस्थितियों में हर नागरिक का पहला कर्तव्य इंसानियत की रक्षा करना होना चाहिए।




