रायगढ़

धरमजयगढ़ में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा : 70 फीट गहरी सरिया नाला में गिरी बेकाबू ट्रक, केबिन काटकर निकाला गया चालक का शव…

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। धरमजयगढ़ से रायगढ़ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सरिया नाला पुल से सीधे 60 से 70 फीट नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक नाले के गहरे पानी में समा गया और उसका केबिन बुरी तरह पिचक गया, जिसके भीतर चालक जिंदा दफन हो गया।

70 फीट नीचे मौत का खौफनाक मंजर – प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार सुबह ट्रक तेज गति से दौड़ रहा था। सरिया नाला के पास पहुंचते ही वाहन से चालक का नियंत्रण छूट गया और भारी-भरकम ट्रक रेलिंग को तोड़ते हुए नाले की अतल गहराइयों में गिर पड़ा। पानी के तेज बहाव और ट्रक के मलबे में चालक बुरी तरह फंस गया। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े, लेकिन पानी अधिक होने और केबिन के जलमग्न होने के कारण कोई मदद नहीं पहुंच सकी।

गोताखोरों की तलाश, हाइड्रा से खींचा गया मलबा – हादसे की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। चालक का कोई सुराग न मिलने पर नगर सेना की आपदा राहत टीम और गोताखोरों को बुलाया गया। नगर सेना के जवान संग्राम सिदार ने बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर उतरी। भारी हाइड्रा क्रेन की मदद से ट्रक को नाले से खींचने का प्रयास शुरू हुआ।

लोहा काटकर निकाला गया शव – पानी के भीतर जब ट्रक को सीधा किया गया, तो केबिन के भीतर चालक की क्षत-विक्षत लाश फंसी नजर आई। केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शव को सीधे खींच पाना नामुमकिन था। नगर सेना और पुलिस के जवानों ने गैस कटर की मदद से लोहे की चादरों को काटा। करीब एक घंटे की भारी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला जा सका।

शिनाख्त में जुटी पुलिस – पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक चालक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और वाहन के नंबर के आधार पर मालिक व परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!