रायगढ़

हैवानियत की हदें पार : जन्मदिन पर जिस पति ने खाई थी कसमें, उसी ने पत्नी को बुलेट से बार-बार कुचलकर मारने की कोशिश की!…

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से घरेलू हिंसा और क्रूरता का एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। जूटमिल थाना क्षेत्र के कोड़ातराई में एक सनकी पति ने चरित्र पर शंका के चलते अपनी ही पत्नी को बुलेट मोटरसाइकिल से बार-बार कुचलकर जान से मारने का प्रयास किया। तड़पती हुई पत्नी को बेरहमी से कुचलने वाले इस कलयुगी पति को जूटमिल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

जन्मदिन पर लाया था वापस, 3 दिन बाद ही रच डाला ‘मौत का खेल’ – जानकारी के मुताबिक, पीड़िता गणेशी साहू (32 वर्ष) का विवाह साल 2014 में अमित साहू के साथ प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद से ही शराब के नशे में धुत रहने वाला अमित अक्सर गणेशी के साथ मारपीट करता था। पति की रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर गणेशी अपने बच्चों को सास के पास छोड़कर अलग किराए के मकान में रहने लगी थी।

​बीते 30 जून को गणेशी का जन्मदिन था। इस मौके का फायदा उठाकर आरोपी अमित साहू उसे समझाने-बुझाने पहुंचा। उसने पैर छूकर और कसमें खाकर वादा किया कि वह अब कभी शराब नहीं पिएगा और उसे अच्छे से रखेगा। पति की बातों पर भरोसा कर गणेशी उसके साथ चली आई, लेकिन उसे क्या पता था कि यह भरोसा उसकी जिंदगी पर भारी पड़ने वाला है।

सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर बुलेट से कुचला – 3 जुलाई की रात अमित अपनी पत्नी को बुलेट (क्रमांक CG-16-CQ-2698) पर बैठाकर कोड़ातराई स्थित घर ले गया। वहां पहुंचते ही उसने गणेशी के चरित्र पर घिनौना शक जताते हुए गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। जब पीड़िता अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर सड़क की तरफ भागी, तो हैवान बने अमित ने उस पर भारी-भरकम बुलेट चढ़ा दी।

​टक्कर लगते ही गणेशी जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद भी आरोपी का दिल नहीं पसीजा; उसने हत्या की नीयत से तड़पती हुई पत्नी के शरीर, गर्दन, सिर, चेहरे और जांघ पर कई बार भारी बुलेट बाइक चढ़ाई और उसे बुरी तरह कुचल दिया। इस जानलेवा हमले में महिला लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

जूटमिल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी पहुंचा जेल – किसी तरह जान बचाकर पीड़िता ने 3 जुलाई को ही जूटमिल थाने में इस खौफनाक वारदात की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देशन में जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, एएसआई राजेन्द्र सिंह पटेल और उनकी टीम ने तत्काल घेराबंदी की।

​पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति अमित साहू (36 वर्ष) को दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का कड़ा संदेश : “घरेलू विवाद की आड़ में महिलाओं पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस कानून के तहत सबसे कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की हिंसा या जानलेवा हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों की जगह सिर्फ और सिर्फ जेल है।”

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!