दुर्ग में सनसनीखेज वारदात : रिसाली में भाजपा नेता राजेंद्र यादव पर चाय की दुकान में पीछे से चाकू से जानलेवा हमला, गले पर वार; वारदात CCTV में कैद…

दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत रिसाली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 37 जोरातराई में शनिवार सुबह बेखौफ बदमाश ने दिनदहाड़े खूनी वारदात को अंजाम दिया। स्थानीय होटल में सुबह की चाय पी रहे भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव पर एक युवक ने पीछे से धारदार चाकू से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर ने सीधे उनके गले को निशाना बनाया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। वारदात की पूरी तस्वीर सामने आए एक वीडियो फुटेज में कैद हो गई है। घायल भाजपा नेता को तत्काल भिलाई स्थित सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सुबह 8 बजे चाय की चुस्की के बीच अचानक खूनी वार – घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे की है। राजेंद्र यादव अपनी दिनचर्या के अनुसार जोरातराई स्थित एक स्थानीय होटल में बैठकर चाय पी रहे थे। तभी घात लगाकर पहुंचा आरोपी युवक उनके ठीक पीछे खड़ा हुआ और जेब से धारदार चाकू निकालकर सीधे उनके गले पर वार कर दिया। अचानक हुए इस अप्रत्याशित हमले से होटल और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। खून बहने के साथ मची चीख-पुकार का फायदा उठाकर आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और समर्थकों की मदद से घायल नेता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
वारदात का वीडियो वायरल, फुटेज खंगाल रही उतई पुलिस – वारदात से जुड़ा एक स्पष्ट वीडियो फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर पूरी क्रूरता के साथ पीछे से राजेंद्र यादव के गले पर चाकू से वार करता साफ नजर आ रहा है। सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने होटल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर जांच में शामिल कर लिया है, ताकि आरोपी के भागने के रूट और इस्तेमाल किए गए हथियार का सुराग लगाया जा सके।
हमले की वजह पर सस्पेंस : ‘दोस्ती थी, पर रंजिश जैसी कोई बात नहीं’ – अस्पताल में उपचार करा रहे राजेंद्र यादव ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि हमलावर युवक से उनकी लगभग तीन-चार साल पहले अच्छी दोस्ती थी। हालांकि, पिछले कुछ सालों से दोनों के बीच किसी तरह की बातचीत नहीं थी। उन्होंने यह भी साफ किया कि आरोपी से उनका कोई खुला विवाद या पुरानी रंजिश नहीं थी, जिसके चलते अचानक हुए इस जानलेवा हमले का सटीक कारण वे खुद नहीं समझ पा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इसे राजनीतिक या व्यक्तिगत विवाद से जोड़कर भी कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन असली वजह आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही साफ होगी।
पुलिस ने तेज की तलाश, गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना – मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
”जोरातराई गांव में दो पक्षों के बीच विवाद की घटना सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से दूसरे पर वार कर घायल किया है। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की टीमें आरोपी की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
मणिशंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), दुर्ग
फिलहाल उतई पुलिस आरोपी की संभावित ठिकानों पर नाकेबंदी और छापेमारी कर रही है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।





Media bhaiyo ka hamesha samman karna chahiye jo desh videsh ka jankari dete hai