रायगढ़

लैलूंगा : नारायणपुर में 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म मामले में सनसनीखेज खुलासे: दबंगों के खौफ और सियासी रसूख के आगे लाचार दिखा पंचायत तंत्र, 5 लाख और जमीन देकर मामला रफा-दफा करने की कोशिश!…

रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना अंतर्गत नारायणपुर क्षेत्र अंतर्गत मूड़ापारा (ग्राम पंचायत) में एक 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ हुए जघन्य अपराध के मामले में जमीनी स्तर पर लीपापोती और समझौते के सनसनीखेज प्रयास सामने आ रहे हैं। इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बावजूद प्रभावशाली लोगों और स्थानीय दबंगों द्वारा पीड़िता के परिवार को डराने-धमकाने और पूरे मामले को दबाने की गंभीर कोशिशें की जा रही हैं।

‘प्यासा कुएं के पास आता है…’: सवालों पर बगलें झांकता जनप्रतिनिधि – मामले की जमीनी पड़ताल के दौरान जब ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि शंकर से इस गंभीर अपराध और पंचायत स्तर पर की गई कार्रवाई को लेकर तीखे सवाल पूछे गए, तो उनका संवेदनहीन और गैर-जिम्मेदाराना रवैया सामने आया।

  • जब उनसे पूछा गया कि गांव की एक 14 साल की मासूम बच्ची के साथ इतना बड़ा अपराध हुआ, तो पंचायत ने क्या संज्ञान लिया? इस पर सरपंच प्रतिनिधि ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि “प्यासा कुएं के पास आता है, कुआं प्यासे के पास नहीं जाता। जब तक पीड़ित पक्ष हमारे पास नहीं आएगा, हम क्या करेंगे?”
  • बाद में तीखे सवालों के आगे सरपंच प्रतिनिधि ने स्वीकार किया कि गांव में ‘गौंटीया’ और रसूखदार तबके का गहरा दबाव है। उन्होंने दबी जुबान में माना कि दबंगों के डर और गांव में किसी अनहोनी के भय के चलते वे खुद इस मामले में दखल देने से कतराते रहे हैं।

5 लाख रुपये और जमीन देकर समझौता कराने की साजिश – बातचीत के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि आरोपी पक्ष (सूर्यांश और उसके परिवार) की ओर से पीड़िता के परिवार पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।

  • ​मामले को रफा-दफा करने के लिए करीब 5 लाख रुपये नकद, जमीन और मकान देने का प्रलोभन दिया गया, ताकि दर्ज कराई गई एफआईआर वापस ले ली जाए।
  • ​पीड़िता की मां पर यह दबाव डाला जा रहा है कि वह बयान बदले और अन्य लड़कों को फंसाने की धमकी देकर मामले की दिशा भटकाए।

सियासी रसूख और स्थानीय गुटबाजी का साया – मामले में ललित यादव और स्थानीय रसूखदारों के हस्तक्षेप व दबाव की बातें भी तेजी से चर्चा में हैं। गांव में प्रभाव रखने वाले बड़े लोगों और गौंटीया तबके के प्रभाव के कारण जनप्रतिनिधि खुद को असहाय बता रहे हैं। सरपंच प्रतिनिधि के अनुसार, चुनाव और स्थानीय समीकरणों के चलते वे इन प्रभावशाली लोगों के खिलाफ खुलकर बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

‘मैं न्याय के लिए लड़ूंगी’पीड़िता की जंग जारी : दबंगों के तमाम दबावों, प्रलोभनों और पंचायत की निष्क्रियता के बावजूद 14 वर्षीय नाबालिग पीड़िता न्याय की मांग पर अडिग है। पीड़िता ने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी समझौते के आगे नहीं झुकेगी और दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचा कर रहेगी। पीड़िता ने गांव के माहौल से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर आगे की पढ़ाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

प्रशासनिक जांच की दरकार – एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म जैसे संवेदनशील और गैर-जमानती मामले में पंचायत स्तर पर समझौते की बैठकें होना, पैसे का प्रलोभन देना और गवाहों को धमकाना सीधे तौर पर कानून को चुनौती देना है। अब देखना यह है कि प्रशासन और पुलिस इस पूरे सिंडिकेट और मामले को दबाने की कोशिश करने वाले रसूखदारों पर क्या सख्त कानूनी शिकंजा कसते हैं।

मामले में भाग 2 जल्द…

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!