रायगढ़

सरपंच की गुंडागर्दी का खात्मा : 50 साल की महिला को घर में घुसकर पीटा, कपड़े फाड़कर बनाया वीडियो; SSP के एक्शन से सरपंच समेत 4 सलाखों के पीछे…

रायगढ़। जनप्रतिनिधि की आड़ में महिलाओं की अस्मत से खिलवाड़ करने वाले रसूखदारों को रायगढ़ पुलिस ने सीधा सबक सिखा दिया है। खरसिया क्षेत्र के जोबी चौकी अंतर्गत एक 50 वर्षीय अधेड़ महिला के घर में घुसकर बर्बरता करने, कपड़े खींचकर बेपर्दा करने और मोबाइल से वीडियो बनाने वाले ग्राम ओंगना के सरपंच अमित राठिया समेत चार आरोपियों की हेकड़ी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर निकाल दी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के ‘अभियान संवेदना’ के तहत पुलिस ने सभी दरिंदों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे धकेल दिया है।

दरिंदगी की पराकाष्ठा: घर से लेकर गली तक नोची आबरू – 27 अगस्त की रात करीब 8 बजे पुरानी रंजिश की आग में अंधे होकर सरपंच अमित राठिया अपने तीन अन्य साथियों के साथ महिला के घर में जबरन घुसा। गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने महिला पर ताबड़तोड़ लात-घूंसे बरसाए।

बात सिर्फ मारपीट तक नहीं रुकी; आरोपियों ने मर्यादा की सारी हदें तोड़ते हुए महिला के कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता जब जान और इज्जत बचाने के लिए अर्द्धनग्न हालत में गली की ओर भागी, तो दरिंदों ने उसे सरेराह घेर लिया।

  • अनिल राठिया ने महिला को पीछे से जकड़ लिया।
  • सरपंच अमित राठिया और धनसिंह राठिया उसके कपड़े खींचकर निर्वस्त्र करने पर आमादा हो गए।
  • इगेन्द्र राठिया खौफ और शर्मिंदगी फैलाने के लिए इस पूरी हैवानियत का मोबाइल से वीडियो शूट करता रहा।
  • चीखें सुनकर जब पड़ोसियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो गुंडों ने उन्हें भी लहूलुहान कर दिया।


सरपंची का नशा उतरा, गैर-जमानती धाराओं में नपे आरोपी : पीड़िता की आपबीती सुनते ही जोबी पुलिस हरकत में आई। चौकी प्रभारी लक्ष्मी नारायण राठौर ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तत्काल एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 76 (महिला को निर्वस्त्र करने के आशय से हमला), 296, 351(3), 115(2) और 3(5) जैसे संगीन और गैर-जमानती प्रावधानों के तहत शिकंजा कसा।
जेल भेजे गए आरोपी:

  • अमित राठिया (36 वर्ष) – सरपंच, ग्राम ओंगना
  • अनिल कुमार राठिया (30 वर्ष) – निवासी आँगना (धरमजयगढ़)
  • धनसिंह राठिया (52 वर्ष) – निवासी पुछियापाली (जोबी)
  • इगेन्द्र राठिया (22 वर्ष) – निवासी पुछियापाली (जोबी)


वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर और एचएफ डीलक्स बाइक के साथ वह ओप्पो मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है, जिसमें आरोपियों ने दरिंदगी का वीडियो कैद किया था।

कानून से ऊपर कोई नहीं : एसएसपी – एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि पद, रसूख या राजनीतिक पहुंच की आड़ में महिलाओं पर जुल्म ढाने वालों के लिए रायगढ़ में कोई जगह नहीं है। ‘अभियान संवेदना’ के तहत पुलिस ऐसे अपराधियों को सीधे अदालत और जेल का रास्ता दिखाएगी।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!