बालोद

दोना-पत्तल मशीन के नाम पर 3.89 लाख की धोखाधड़ी : डौण्डी पुलिस की तत्परता से आरोपी गिरफ्तार

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद/डौण्डी। जिले के डौण्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों से दोना-पत्तल बनाने की मशीन सप्लाई करने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी खेमेन्द्र कुमार सेन को डौण्डी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने तीन महिला स्व-सहायता समूहों और एक अन्य महिला को बैंक से ऋण दिलाकर कुल 3,89,000 रुपये ऐंठ लिए थे, परंतु न तो मशीन दी और न ही पैसे वापस लौटाए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डौण्डी थाना प्रभारी उप निरीक्षक उमा ठाकुर के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित व अनुकरणीय कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। उमा ठाकुर की इस सजगता, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित पुलिसिंग की संपूर्ण क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

मामले के संक्षिप्त विवरण के अनुसार, औराटोला आवास पारा निवासी प्रार्थिया श्रीमती लोकेश्वरी साहू पति खेमलाल साहू (41 वर्ष) ने डौण्डी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम औराटोला में पांच महिला स्व-सहायता समूह संचालित हैं। इनमें से प्रेरणा स्व सहायता समूह, जय मां स्व सहायता समूह, जय बुढ़ादेव स्व सहायता समूह तथा ग्राम कामता निवासी हेमिन भुआर्य ने बैंक ऑफ बड़ौदा, शाखा नर्राटोला से कुल 3,89,000 रुपये का ऋण लिया था। दोना-पत्तल निर्माण मशीन प्राप्त करने के उद्देश्य से यह राशि 03 दिसंबर 2025 को खल्लारी निवासी खेमेन्द्र कुमार सेन को सौंपी गई थी। हालांकि, राशि प्राप्त करने के पश्चात भी आरोपी ने न तो मशीन प्रदान की और न ही पैसे वापस किए। जब भी महिलाएं रकम मांगतीं, वह टालमटोल करने लगा।

रिपोर्ट पर डौण्डी पुलिस ने अपराध क्रमांक 113/2026 और धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना व नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक उमा ठाकुर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश हेतु टीम गठित की। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी खेमेन्द्र कुमार सेन पिता बलद राम सेन (33 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर आरोपी को 23/08/2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट बनने पर आरोपी को जिला जेल बालोद में दाखिल किया गया है।

इस संपूर्ण सफल कार्रवाई में डौण्डी थाना प्रभारी उप निरीक्षक उमा ठाकुर की उत्कृष्ट कार्यशैली की विशेष प्रशंसा की जा रही है। उनके कुशल निरीक्षण में सहायक उप निरीक्षक दुर्जन लाल रावटे, प्रशिक्षु उप निरीक्षक संजय सिंह, प्रधान आरक्षक अरविंद यादव (1697), आरक्षक पुकेश साहू (179), भुवनेश्वर यादव (314) एवं ईश्वर भण्डारी (352) की सक्रिय भूमिका रही। पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने में उमा ठाकुर की इस त्वरित कार्रवाई ने पुलिस प्रशासन के प्रति जनविश्वास को और मजबूत किया है।

Feroz Ahmed Khan

संभाग प्रभारी : दुर्ग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!