बालोद में फ्रेंडशिप-डे पर दर्दनाक सड़क हादसा : दो दोस्तों की मौत, तीन गंभीर घायल; टक्कर के बाद 200 मीटर तक घिसटी बाइक में लगी आग

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले में रविवार को फ्रेंडशिप-डे का उत्सव उस समय भारी मातम में बदल गया, जब एक भयानक सड़क दुर्घटना ने दो उजड़ते परिवारों के चिराग बुझा दिए। दोस्ती का दिन मनाने और एक छोटा-सा काम निपटाकर घर लौट रहे दो होनहार युवकों की इस हादसे में असामयिक मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। तेज रफ्तार का कहर और दुर्घटना के बाद के खौफनाक मंजर ने न केवल प्रत्यक्षदर्शियों को थर्रा दिया, बल्कि समूचे इलाके को गहरे शोक में डुबा दिया है।

यह दुखद घटना बालोद शहर से लगभग तीन किलोमीटर दूर दल्ली राजहरा मार्ग स्थित गोंदली नहर के आगे घटी। जानकारी के मुताबिक, जगन्नाथपुर का रहने वाला 18 वर्षीय याशु देशमुख करीब एक महीने पहले खरीदी अपनी नई बाइक के कागजात से जुड़े काम के लिए दल्ली राजहरा के डीलर के पास गया था। इस दौरान उसने अपने दो जिगरी दोस्तों—जगन्नाथपुर निवासी गेमन लाल देशमुख (21) और परसदा निवासी अरुण साहू (23) को भी अपने साथ ले लिया था। फ्रेंडशिप-डे के दिन तीनों दोस्त घूमते-फिरते काम निपटाकर वापस लौट रहे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि काल उनका इंतजार कर रहा है।

रविवार शाम लगभग 4:30 बजे सिकोसा की तरफ से आ रही एक बाइक पहले ट्रक से टकराई। इसके तुरंत बाद, अनियंत्रित और अत्यधिक तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही स्प्लेंडर बाइक को रौंद दिया, जिस पर तीनों दोस्त सवार थे। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि याशु देशमुख उछलकर सड़क के दूसरी ओर जा गिरा, जबकि बाइक चला रहा गेमन लाल और पीछे बैठा अरुण ट्रक के पहियों के नीचे आ गए।

दुर्घटना के बाद भी ट्रक चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। ट्रक में फंसी बाइक करीब 200 मीटर तक पहियों के साथ सड़क पर घिसटती रही। अत्यधिक घर्षण की वजह से बाइक में अचानक आग लग गई और वह देखते ही देखते जलकर पूरी तरह राख हो गई। हादसे के लगभग 40 मिनट बाद दमकल की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।

इस दिल दहला देने वाले हादसे में गेमन लाल और अरुण साहू के शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। दूसरी बाइक पर सवार नरेंद्र निषाद (31) और पोषण कुमार गोयल (32) के साथ-साथ याशु देशमुख भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया। पुलिसकर्मियों ने क्षत-विक्षत शवों को संभालकर मर्च्युरी पहुंचाया। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने पानी से सड़क साफ की और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।




