जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’: नाकेबंदी तोड़ भाग रहे ट्रक से 38 गौ-वंश मुक्त, तस्कर फरार…

जशपुर। जिले में गौ-तस्करी के खिलाफ पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन शंखनाद’ लगातार बड़ी सफलताएं हासिल कर रहा है। इसी कड़ी में थाना कांसाबेल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक में क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर ले जाए जा रहे 38 नग गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है।
फिल्मी अंदाज में हुआ पीछा, अंधेरे का फायदा उठा चालक फरार : घटना शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे की है। कांसाबेल पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि पत्थलगांव की ओर से एक ट्रक (क्रमांक JH-02-BM-4221) भारी संख्या में मवेशियों को लेकर नेशनल हाईवे-43 से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बेला घाट पर तत्काल नाकेबंदी की।
पुलिस को सामने देख ट्रक चालक ने रफ्तार कम करने के बजाय वाहन की गति बढ़ा दी और नाका तोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने भी हार नहीं मानी और संदिग्ध ट्रक का पीछा शुरू किया। खुद को घिरता देख चालक ग्राम नारायण बहली के पास सड़क किनारे ट्रक छोड़कर जंगल की आड़ में फरार हो गया।
तिरपाल हटाते ही खुली तस्करों की क्रूरता : जब पुलिस ने लावारिस हालत में खड़े ट्रक की तलाशी ली, तो ऊपर भूरे रंग की तिरपाल बंधी हुई थी। तिरपाल हटाने पर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए; ट्रक के भीतर 38 गौ-वंशों को बेहद बेरहमी से ठूंसकर भरा गया था। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला और पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज : कांसाबेल पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जप्त कर लिया है। फरार आरोपी चालक और अन्य तस्करों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, और 10 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
“गौ-तस्करी के खिलाफ हमारी मुहिम निरंतर जारी है। कांसाबेल में 38 गौ-वंश मुक्त कराए गए हैं। फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे। तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
डॉ. लाल उमेद सिंह (DIG एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर)
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्र ताम्रकार, एएसआई नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक नारायण सिंह, गोविंद नायक और आरक्षक शरद बेहरा व कमल शांति खलखो की मुख्य भूमिका रही।




