सनसनीखेज खुलासा : जशपुर पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, बहू ही निकली ससुर की कातिल, 4 गिरफ्तार!…

जशपुर। जशपुर पुलिस ने अंधा कत्ल मामले में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस बुजुर्ग की बेरहमी से हाथ-पैर बांधकर हत्या की गई थी, उसका मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि घर की बहू ही निकली। पारिवारिक रंजिश और विवाद के चलते बहू ने भाड़े के कातिलों के साथ मिलकर खूनी साजिश रची थी। डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह के कड़े रुख और वैज्ञानिक जांच के चलते दुलदुला पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए मुख्य साजिशकर्ता बहू समेत 4 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
घर में बंधे मिले थे हाथ-पैर, शरीर पर थे गहरे जख्म – घटना दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़ाजोर की है। 4 जुलाई 2026 को 70 वर्षीय बुजुर्ग चुगरू प्रधान अपने ही घर में मृत अवस्था में पाए गए थे। कातिलों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए बुजुर्ग के हाथ-पैर बांध दिए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।
अंधे कत्ल की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन एफएसएल (FSL) टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
आधी रात को घुसे थे कातिल, मुंह में ठूंस दिया कपड़ा – विवेचना के दौरान जब पुलिस ने कड़ियां जोड़नी शुरू कीं, तो शक की सुई मृतक की बहू सुगंती बेसरा (36 वर्ष) पर आकर टिकी। पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने सबके होश उड़ा दिए।
बहू सुगंती का अपने ससुर के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने अपने परिचितों के साथ मिलकर हत्या का ताना-बाना बुना। योजना के मुताबिक, 3 और 4 जुलाई की दरमियानी रात आरोपी मोटरसाइकिल से बुजुर्ग के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाकर आरोपियों ने बुजुर्ग पर लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद तड़पते हुए बुजुर्ग के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उन्हें बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।
ये हैं सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी : पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर मुख्य आरोपी महिला समेत चारों शिकारियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- सुगंती बेसरा (उम्र 36 वर्ष) – निवासी बोड़ाजोर (मृतक की बहू एवं मुख्य साजिशकर्ता)
- साहिल उर्फ राजा खान (उम्र 22 वर्ष) – निवासी दुलदुला
- आनंद यादव (उम्र 20 वर्ष) – निवासी परसाटोली, दुलदुला
- रोहित सिंह (उम्र 21 वर्ष) – निवासी मधुटोली, जशपुर
वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद – पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल 01 लकड़ी का फट्टा, वारदात में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल और 04 नग मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
“अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति” – “जशपुर पुलिस अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। चाहे अपराध कितना भी उलझा हुआ क्यों न हो, वैज्ञानिक और त्वरित तकनीकी विश्लेषण से दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। दुलदुला पुलिस और साइबर सेल की मुस्तैदी की वजह से ही इस अंधे हत्याकांड का 24 घंटे में सफल खुलासा हो सका।”
डॉ. लाल उमेद सिंह (डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर)
क्राइम डेस्क, जशपुर।




